श्री तुंगल नगर में सिद्ध गणेश जी की प्राचीन परंपरा, 25 सितंबर को होगा विसर्जन

Share this post

राजीव शर्मन,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24

कोटली (मंडी)। पौराणिक श्री तुंगल नगर घाटी के कसाण-पटनाल क्षेत्र में विराजमान श्री सिद्ध गणेश जी का मंदिर आस्था के साथ-साथ क्षेत्र की प्राचीन धार्मिक परंपराओं का भी केंद्र रहा है। यहां हर वर्ष श्रद्धापूर्वक श्री तुंगल नगर सार्वजनिक गणेशोत्सव का आयोजन किया जाता है।
बताया जाता है कि रियासतकालीन सेन वंश के राजा विजय सेन ने कसाणी-खड्ड क्षेत्र में दो महात्माओं श्री भगवान दास और नारायण दास को कई बीघा भूमि उपलब्ध करवाई थी। दोनों महात्मा दशकों तक यहां पंचदेवोपासना में तपस्यारत रहे। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, उन्हें भगवान श्री गणेश की विशेष कृपा प्राप्त थी और उनके संपर्क में आने वाले क्षेत्रवासियों को आध्यात्मिक एवं सांसारिक कष्टों से मुक्ति का अनुभव होता था।
महात्माओं के महाप्रयाण के बाद कसाणी-खड्ड, पटनाल-कसाण क्षेत्र की भूमि उनके अनन्य भक्त आचार्य भूतनाथ जी को दान स्वरूप प्रदान की गई। इसके बाद पीढ़ी-दर-पीढ़ी बाबा भागीरथ, बाबा गौरीशंकर और पंडित-पुरोहित रूपचंद शास्त्री सहित उनके वंशजों ने यहां श्री गणपति भगवान की आराधना की परंपरा को आगे बढ़ाया।
कालांतर में यहां भव्य मंदिर का निर्माण हुआ और श्री गणेश जी की अर्चना, वंदना, पूजन तथा विसर्जन की परंपरा निरंतर जारी रही। वर्तमान में श्री तुंगल नगर गणेशोत्सव की धार्मिक गतिविधियों का प्रभाव पूरी तुंगल नगर घाटी में देखने को मिल रहा है।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री तुंगल नगर गणेशोत्सव 14 सितंबर से 25 सितंबर तक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। गणेशोत्सव के समापन अवसर पर 25 सितंबर को सार्वजनिक गणेश प्रतिमा का कोट-कुन्नतर स्थित व्यास नदी में विधिवत विसर्जन किया जाएगा।
स्थानीय श्रद्धालुओं के लिए यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ क्षेत्र की पुरानी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपरा को आगे बढ़ाने का अवसर भी है।