हेरोइन की सप्लाई में कमी के बीच मेडिकल नशे ने पकड़ी रफ्तार, कई राज्यों से पहुंच रही नशीली दवाओं की खेप
*देवभूमि न्यूज 24*
चंडीगढ़ पंजाब में हेरोइन की सप्लाई पर पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की सख्ती के बाद भले ही कमी आई हो, लेकिन अब मेडिकल नशा राज्य के युवाओं के लिए नई चुनौती बनकर सामने आया है। पंजाब पुलिस की कार्रवाई में सामने आए आंकड़े इस बदलते नशे के कारोबार को लेकर चिंता बढ़ा रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नशीली दवाओं की सप्लाई पंजाब में हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली समेत कई राज्यों से पहुंच रही है। पुलिस ने मेडिकल नशे के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए वर्ष 2025 से अब तक इन राज्यों से जुड़ी खेपों से 11.54 लाख नशीली गोलियां और कैप्सूल बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 1 मार्च 2025 से अब तक करीब 80 हजार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि नशे की तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 486 ड्रोन भी बरामद किए गए हैं। इसके अलावा नशा तस्करों की 336 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति फ्रीज की गई है।
पुलिस का कहना है कि बीएसएफ और पंजाब पुलिस की सख्ती के चलते सीमावर्ती इलाकों से जमीनी रास्ते से हेरोइन की तस्करी पर अंकुश लगा है। इसके बाद नशा तस्करों द्वारा मेडिकल नशे की ओर रुख किए जाने की चुनौती सामने आई है। पंजाब में नशीली गोलियों और कैप्सूल की बरामदगी ने साफ कर दिया है कि नशे के खिलाफ अभियान को अब केवल हेरोइन और अन्य पारंपरिक मादक पदार्थों तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं होगा।
कई राज्यों तक फैला नेटवर्क
मेडिकल नशे की खेपों के अलग-अलग राज्यों से पंजाब पहुंचने के संकेत मिलने के बाद पुलिस के सामने अंतरराज्यीय नेटवर्क को तोड़ने की चुनौती है। युवाओं में नशीली दवाओं के बढ़ते इस्तेमाल को रोकने के लिए सप्लाई चेन पर कार्रवाई के साथ-साथ अवैध दवाओं की बिक्री और वितरण पर निगरानी बढ़ाना भी जरूरी माना जा रहा है।








