बिहार पंचायत चुनाव से पहले बड़ा बदलाव, 7 हजार आबादी पर मुखिया-सरपंच

Share this post

5 हजार की आबादी पर पंचायत समिति सदस्य, 50 हजार पर जिला परिषद सदस्य; परिसीमन के बाद बदलेगा आरक्षण और चुनावी गणित
देवभूमि न्यूज 24
पटना बिहार में आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पंचायतों और वार्डों के नए सिरे से परिसीमन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। परिसीमन पूरा होने के बाद कई पंचायतों और वार्डों की सीमाएं बदल सकती हैं, जिससे संभावित प्रत्याशियों का चुनावी गणित भी प्रभावित होगा।

इस बार परिसीमन के लिए 2011 की जनगणना के आधिकारिक आंकड़ों को आधार बनाया जाएगा। जनसंख्या के अनुपात के अनुसार पंचायतों, निर्वाचन क्षेत्रों और वार्डों की सीमाओं का निर्धारण किया जाएगा। स्थानीय भौगोलिक स्थिति, गांवों की बसावट और आबादी के वितरण को भी ध्यान में रखा जाएगा।

7 हजार आबादी पर मुखिया-सरपंच

प्रस्तावित मानकों के अनुसार करीब 7 हजार की आबादी पर एक मुखिया और एक सरपंच का निर्वाचन क्षेत्र निर्धारित करने की तैयारी है। वहीं करीब 5 हजार की आबादी पर एक पंचायत समिति सदस्य तथा लगभग 50 हजार की आबादी पर एक जिला परिषद सदस्य का निर्वाचन क्षेत्र तय किए जाने का प्रस्ताव है। हालांकि, अंतिम स्वरूप परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

कहीं बढ़ेंगे वार्ड, कहीं होगा पुनर्गठन

जनसंख्या के नए अनुपात का असर पंचायतों और वार्डों के मौजूदा स्वरूप पर पड़ सकता है। अधिक आबादी वाले क्षेत्रों में नए वार्ड बनाए जा सकते हैं, जबकि छोटे वार्डों का पुनर्गठन या दूसरे वार्डों के साथ विलय संभव है। इससे वार्डों की सीमाएं, मतदाताओं का क्षेत्र और चुनाव लड़ने वाले संभावित प्रत्याशियों का पूरा समीकरण बदल सकता है।

परिसीमन के बाद नया आरक्षण रोस्टर

परिसीमन के बाद पंचायत चुनाव के लिए आरक्षण रोस्टर भी नए सिरे से तैयार किया जाएगा। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अत्यंत पिछड़ा वर्ग और महिलाओं के लिए निर्धारित आरक्षण के आधार पर सीटों का आवंटन होगा। सीटों का रोटेशन भी किया जाएगा। ऐसे में पिछली बार जिस पंचायत या वार्ड में कोई सीट सामान्य या आरक्षित थी, जरूरी नहीं कि अगली बार भी उसकी स्थिति वही रहे।

इस बदलाव का सीधा असर मौजूदा जनप्रतिनिधियों और चुनाव की तैयारी कर रहे संभावित दावेदारों पर पड़ेगा। सामान्य सीट आरक्षित होने या आरक्षित सीट सामान्य होने से कई उम्मीदवारों का चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल सकता है।

मतदाता सूची से बूथ तक होगा बदलाव

परिसीमन के बाद निर्वाचन क्षेत्रों के अनुसार मतदाता सूचियों का पुनर्गठन किया जाएगा। इसके साथ ही मतदान केंद्रों की भौतिक स्थिति की जांच, नए मतदान केंद्रों का गठन और जरूरत के अनुसार मौजूदा केंद्रों में बदलाव की प्रक्रिया भी पूरी होगी।

यानी पंचायत चुनाव से पहले सीमा, सीट, आरक्षण, मतदाता सूची और मतदान केंद्र—इन सभी स्तरों पर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। अब गांवों की सियासत में सबसे ज्यादा नजर परिसीमन की अंतिम सूची और उसके बाद जारी होने वाले आरक्षण रोस्टर पर रहेगी