कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24
नाहन : भाजपा जिला प्रवक्ता प्रताप सिंह रावत ने आरोप लगाया है कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकाल में रेणुका विधानसभा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सरकारी संस्थान खोले गए, लेकिन प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद इनमें से कई संस्थानों को बंद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में विकास की गति प्रभावित हुई है।
रावत ने कहा कि जयराम ठाकुर के मुख्यमंत्री रहते नोहराधार में डिग्री कॉलेज, बोगधार में सब्जी मंडी व लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता कार्यालय, भराड़ी में अंबेडकर भवन, चाढ़ना में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, वियोग में आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी, कोरग में पशु औषधालय और हरिपुरधार में सिविल अस्पताल सहित कई संस्थान खोले गए थे।
उन्होंने बताया कि संगड़ाह में विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता व सहायक अभियंता कार्यालय, गाताधार में जल शक्ति विभाग का कनिष्ठ अभियंता कार्यालय, ददाहू में विकासखंड कार्यालय तथा सेनधार और धारठीधार में सरकारी आईटीआई भी पूर्व सरकार के कार्यकाल में खोले गए। इसके अलावा क्षेत्र में कई शिक्षण संस्थान भी स्थापित किए गए।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद हरिपुरधार सिविल अस्पताल, हरिपुरधार विद्युत विभाग का सहायक अभियंता कार्यालय, संगड़ाह के विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता व सहायक अभियंता कार्यालय, गाताधार का जल शक्ति विभाग का कनिष्ठ अभियंता कार्यालय तथा सेनधार व धारठीधार की आईटीआई समेत कई संस्थान बंद कर दिए गए।
रावत ने कहा कि ददाहू विकासखंड कार्यालय को बाद में जनता की मांग और क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए दोबारा शुरू किया गया, लेकिन हरिपुरधार सिविल अस्पताल अभी तक बहाल नहीं हुआ है।
उन्होंने रेणुका के कांग्रेस विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अपने कार्यकाल में वह क्षेत्र में कोई बड़ा सरकारी संस्थान स्थापित नहीं करवा पाए हैं। रावत ने आरोप लगाया कि नए संस्थान खोलना तो दूर, पूर्व सरकार द्वारा शुरू किए गए संस्थानों को भी बंद किया गया।
रावत ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकाल में इन संस्थानों के लिए बजट का प्रावधान किया गया था। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार को क्षेत्र की जनता की मांगों पर विचार करते हुए बंद किए गए संस्थानों को बहाल करना चाहिए।








