1989 में सात सूत्रीय उद्देश्यों के साथ शुरू हुआ था सार्वजनिक आयोजन, धार्मिक-सांस्कृतिक एकता और स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन रहा प्रमुख लक्ष्य
राजीव शर्मन,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24
मंडी पौराणिक मांडव्य नगर यानी मंडी शहर में सार्वजनिक गणेशोत्सव की परंपरा को चार दशक से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन इसके मूल उद्देश्यों को व्यापक स्तर पर साकार करने के लिए गणपति सेवा समिति का संघर्ष आज भी जारी है। सरकारी संरक्षण और सहायता के अभाव में यह ऐतिहासिक धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन अपने अस्तित्व और मूल भावना को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत है।
गणपति सेवा समिति ने 20 अगस्त 1989 को जिला मुख्यालय मंडी में पहली बार सार्वजनिक मांडव्य नगर गणेशोत्सव का आयोजन किया था। आयोजन के समय सात प्रमुख उद्देश्य निर्धारित किए गए थे। इनमें लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की परंपरा के अनुरूप गणेशोत्सव को राष्ट्रीय एवं सांस्कृतिक जनजागरण का माध्यम बनाना, स्थानीय मूर्तिकारों, कलाकारों और शिल्प-कौशल से जुड़े विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देना तथा धार्मिक-सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देना प्रमुख था।
पहले ही सार्वजनिक गणेशोत्सव में स्थानीय मूर्तिकारों के लिए पुरस्कारों की व्यवस्था की गई थी। प्रथम पुरस्कार के रूप में एक हजार रुपये, द्वितीय के लिए सात सौ और तृतीय पुरस्कार के रूप में पांच सौ रुपये निर्धारित किए गए थे। समिति का उद्देश्य स्थानीय कला और प्रतिभा को मंच प्रदान करना था।
गणपति सेवा समिति ने प्राचीन सिद्ध गणपति बाग की सफाई और इसके धार्मिक-सांस्कृतिक महत्व को सामने लाने के लिए भी प्रयास किए। समिति की परिकल्पना थी कि इस स्थल को धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन के लिए सर्वसुलभ केंद्र के रूप में विकसित किया जाए।
समिति के अनुसार वर्ष 1993 के सार्वजनिक गणेशोत्सव के दौरान विधानसभा अध्यक्ष, तत्कालीन राज्य मंत्री अनिल शर्मा तथा एसडीएम अमिताभ अवस्थी ने भी गणपति सेवा समिति के प्रयासों की सराहना की थी।
गणेशोत्सव को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए इसे सनातन संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक समरसता से जोड़ने का प्रयास किया गया। गणेश पुराण कथा, हवन-अनुष्ठान के साथ बड़ा देव छमाहूं, काली माता पुरानी मंडी, द्रंग भगवती सहित विभिन्न देवी-देवताओं को आमंत्रित कर आयोजन को व्यापक सांस्कृतिक स्वरूप देने की परंपरा शुरू की गई।
समिति ने स्कूली विद्यार्थियों को भी गणेशोत्सव से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों के हजारों विद्यार्थियों की सहभागिता करवाई गई तथा प्रसाद के रूप में बड़ी मात्रा में लड्डुओं का वितरण किया गया।
वर्ष 1989 के प्रथम सार्वजनिक गणेशोत्सव में बड़ा देव छमाहूं के करीब एक हजार देवलुओं के लिए मंडयाली धाम की व्यवस्था करवाई गई थी। समिति के अनुसार इसका उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों की लोक आस्थाओं और परंपराओं के बीच मेल-मिलाप तथा धार्मिक-सांस्कृतिक आदान-प्रदान को मजबूत करना था।
बाद के वर्षों में भी गणपति सेवा समिति ने कई बार सार्वजनिक गणेशोत्सव का आयोजन जारी रखा। हालांकि, पौराणिक रियासतकालीन मांडव्य जनपद के ऐतिहासिक श्री सिद्ध गणपति मंदिर में आयोजन को लेकर गणपति ट्रस्ट और संस्थापक सदस्यों के बीच कानूनी स्थिति उत्पन्न होने के बाद समिति को आयोजन स्थल बदलना पड़ा। इसके बाद वर्ष 1994 में इंदिरा मार्केट परिसर में बड़ा देव छमाहूं को आमंत्रित कर गणेशोत्सव का आयोजन किया गया।
समय के साथ मंडी शहर में विभिन्न गणेश मंडलों ने भी गणेशोत्सव की परंपरा को आगे बढ़ाया है। बावजूद इसके, गणपति सेवा समिति का कहना है कि वर्ष 1989 में तय किए गए मूल सात सूत्रीय उद्देश्यों को व्यापक रूप से हासिल करने की आवश्यकता आज भी बनी हुई है।
समिति के अनुसार सार्वजनिक गणेशोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रीय धार्मिक-सांस्कृतिक एकात्मकता, लोक परंपराओं, कला, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक पर्यटन को जोड़ने का माध्यम बन सकता है।
अब समिति ने जिला प्रशासन मंडी, हिमाचल प्रदेश सरकार और भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग से इस पौराणिक मांडव्य नगर गणेशोत्सव को प्रदेश के प्रमुख सरकारी सांस्कृतिक उत्सवों में शामिल कर सरकारी संरक्षण और सहायता प्रदान करने की मांग उठाई है।
समिति का मानना है कि यदि सरकार इस ऐतिहासिक आयोजन को संस्थागत संरक्षण प्रदान करती है, तो मंडी की समृद्ध धार्मिक एवं लोक-सांस्कृतिक विरासत को प्रदेश और देश के स्तर पर नई पहचान मिल सकती है।
— राजीव शर्मन








