बाल विज्ञान सम्मेलन में 20 से अधिक स्कूलों की भागीदारी, क्विज से लेकर वैज्ञानिक मॉडलों तक दिखी बच्चों की वैज्ञानिक सोच
*कार्तिकेय तोमर*
*देवभूमि न्यूज 24*
शिलाई : पहाड़ के छोटे-छोटे स्कूलों से निकली प्रतिभाओं ने शिलाई में विज्ञान की नई तस्वीर पेश की। राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शिलाई में आयोजित दो दिवसीय सब-डिविजनल चिल्ड्रन्स साइंस कांग्रेस-2026 में 20 से अधिक विद्यालयों के करीब 150 विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर अपनी वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता और नवाचार का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में बच्चों ने न केवल किताबी ज्ञान, बल्कि प्रयोग और मॉडल के माध्यम से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
बाल विज्ञान सम्मेलन का समापन बीपीओ एवं प्रधानाचार्य प्रताप सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुआ। इस दौरान उपप्रधानाचार्य रमा शर्मा, वरिष्ठ प्रवक्ता खजान सिंह वर्मा तथा चिल्ड्रन्स साइंस कांग्रेस के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर रवींद्र मौजूद रहे।
दो दिवसीय सम्मेलन में जूनियर, सीनियर और सीनियर सेकेंडरी वर्ग के विद्यार्थियों के बीच साइंस क्विज, मैथमेटिकल ओलंपियाड, साइंस एक्टिविटी कॉर्नर और इनोवेटिव साइंस मॉडल प्रतियोगिताएं करवाई गईं। हर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से निर्णायकों का ध्यान खींचा।
साइंस क्विज के जूनियर वर्ग में आरएसवीएन पब्लिक स्कूल शिलाई के दिव्यांश ठाकुर और रेवांश भारद्वाज ने प्रथम स्थान हासिल किया। सीनियर वर्ग में जीएसएसएस द्राबिल की अंशिका और निमिषा तथा सीनियर सेकेंडरी वर्ग में जीएसएसएस शिलाई के आदर्श शर्मा और साक्षी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
मैथमेटिकल ओलंपियाड में जूनियर वर्ग से बाल भारती पब्लिक हाई स्कूल शिलाई के कृष बिरसांटा, सीनियर वर्ग में आरएसवीएन पब्लिक स्कूल शिलाई की वंशिका चौहान और सीनियर सेकेंडरी वर्ग में जीएसएसएस बांदली ढाडस की मिशु देवी प्रथम रहे।
साइंस एक्टिविटी कॉर्नर के जूनियर वर्ग में आरएसवीएन शिलाई के विहान ठाकुर, सीनियर वर्ग में प्रिया शर्मा और सीनियर सेकेंडरी वर्ग में जीएसएसएस शिलाई के दिव्यांश शर्मा ने पहला स्थान हासिल किया।
वहीं इनोवेटिव साइंस मॉडल प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में जीएसएसएस नैनीधार की दीक्षा वर्मा तथा सीनियर वर्ग में जीएसएसएस बांदली ढाडस के नैनिश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि प्रताप सिंह चौहान ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बाल विज्ञान सम्मेलन विद्यार्थियों को विज्ञान को केवल किताबों तक सीमित रखने के बजाय प्रयोग, तर्क और नवाचार के जरिए समझने का अवसर देता है। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
शिलाई की प्रतिभाओं ने छोड़ी छाप
सम्मेलन में विद्यार्थियों की भागीदारी ने यह भी दिखाया कि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उचित मंच और अवसर मिलने पर ये विद्यार्थी विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने की क्षमता रखते हैं।








