देवभूमि न्यूज 24
ब्यूरो, रोनहाट
जिला सिरमौर के राजकीय महाविद्यालय रोनहाट, जिला सिरमौर के बी.ए. प्रथम सेमेस्टर के छात्र देवदक्ष ने राज्य स्तरीय हिंदी पखवाड़ा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चौथा पुरस्कार प्राप्त कर महाविद्यालय एवं जिला सिरमौर का नाम गौरवान्वित किया।
यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता भाषा एवं संस्कृति विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा रिकांग पिओ, जिला किन्नौर में आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों एवं संस्थानों से प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में हिंदी भाषा, साहित्य, संस्कृति एवं सामान्य ज्ञान से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे गए।
राजकीय महाविद्यालय रोनहाट के छात्र देवदक्ष ने अपनी प्रतिभा, ज्ञान एवं आत्मविश्वास का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर चौथा पुरस्कार हासिल किया। उनके साथ प्राध्यापिका मंजना शर्मा टीम प्रभारी के रूप में प्रतियोगिता में उपस्थित रहीं।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. नलिन रमौल ने छात्र देवदक्ष को बधाई देते हुए कहा कि “महाविद्यालय में केवल 45 विद्यार्थी हैं। ऐसे छोटे महाविद्यालय से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेकर पुरस्कार प्राप्त करना अपने आप में गौरव की बात है। यह उपलब्धि न केवल देवदक्ष की प्रतिभा एवं मेहनत का परिणाम है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।”
उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और कम विद्यार्थी संख्या के बावजूद महाविद्यालय के विद्यार्थी विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जो पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है।
महाविद्यालय के प्रो. कृतिका, प्रो. वंदना एवं श्री अनिल कुमार सहित समस्त स्टाफ ने छात्र देवदक्ष एवं टीम प्रभारी प्राध्यापिका मंजना शर्मा को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
महाविद्यालय परिवार ने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां न केवल संस्थान का गौरव बढ़ाती हैं, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी शैक्षणिक, साहित्यिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित करती हैं।








