सिरमौर क्राइम डायरी: चिट्टा, शराब, मारपीट और सट्टे पर पुलिस की कार्रवाई

Share this post

पांवटा में 4.88 ग्राम चिट्टे के साथ दो गिरफ्तार, राजगढ़ में 10 बोतल देसी शराब बरामद; शिलाई में दराट से हमले का मामला दर्ज

कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24

सिरमौर : जिला सिरमौर पुलिस ने नशे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कई मामले दर्ज किए हैं। पांवटा साहिब में पुलिस ने 4.88 ग्राम चिट्टे के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि राजगढ़ में 10 बोतल देसी शराब बरामद की गई। इसके अलावा पच्छाद, नाहन और शिलाई में मारपीट तथा कालाआम्ब में दड़ा-सट्टा लगाने के आरोप में मामले दर्ज किए गए हैं।
पांवटा साहिब में 4.88 ग्राम चिट्टे के साथ दो गिरफ्तार
SIU नाहन की टीम ने 18 सितंबर को बहराल गुरुद्वारा, पांवटा साहिब के पास कार्रवाई करते हुए दो युवकों से 4.88 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया। पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर मोटरसाइकिल नंबर HP17F-5690 को रोककर तलाशी ली गई।
आरोपियों की पहचान अर्जुन कुमार और बिन्दू कुमार निवासी माजरा, तहसील पांवटा साहिब के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है।
पच्छाद में शराब ठेके पर मारपीट, बोतलें तोड़ने का आरोप
पुलिस थाना पच्छाद में यशवंत निवासी टिक्करी ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह चाकला पुल स्थित शराब ठेके पर सेल्समैन है। शिकायत के अनुसार 18 सितंबर को शुभम निवासी जुयड़ टिक्करी नशे की हालत में ठेके पर आया और गाली-गलौज व मारपीट करने लगा।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी ने ठेके में रखी शराब की बोतलें रैक से निकालकर जमीन पर पटक दीं, जिससे करीब 4,990 रुपये का नुकसान हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजगढ़ में 10 बोतल देसी शराब बरामद
पुलिस चौकी पझौता की टीम ने नौरा खड्ड, ज्ञानकोट में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के कब्जे से 10 बोतल देसी शराब बरामद की। पुलिस के अनुसार आरोपी पुरानी गाड़ी का शेड बनाकर अंडे व सब्जियां बेचने के साथ शराब बेच रहा था।
आरोपी की पहचान अनिल निवासी पुजारली घोटाड़ी, डाकघर भुज्जल, तहसील राजगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस थाना राजगढ़ में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पांवटा में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से महिला घायल
पांवटा साहिब पुलिस ने सड़क दुर्घटना के मामले में मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता कपिल शर्मा निवासी बैंक कॉलोनी बद्रीपुर के अनुसार 12 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे उसकी पत्नी सोनिया शर्मा ब्राउन वर्ल्ड, एनएच के सामने से पैदल लौट रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हुई। उसे पांवटा साहिब से नाहन मेडिकल कॉलेज और बाद में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां वह दो दिन भर्ती रही। पुलिस ने चालक की पहचान सुशांत ठाकुर निवासी बारथन मंदार, डाकघर बिरला, तहसील ददाहू के रूप में करते हुए मामला दर्ज किया है।
कालाआम्ब में दड़ा-सट्टा लगाते एक व्यक्ति पकड़ा
पुलिस थाना कालाआम्ब की टीम ने कालाआम्ब चौक के पास कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को कथित रूप से दड़ा-सट्टा लगाते पकड़ा। पुलिस के अनुसार आरोपी लोगों को 10 रुपये के बदले 80 रुपये देने का लालच देकर सट्टा लगवा रहा था।
आरोपी की पहचान अमरेन्द्र कुमार निवासी पकरी, डाकघर बसंतपुर, तहसील रीगा, जिला सीतामढ़ी, बिहार के रूप में हुई है। तलाशी में दड़ा-सट्टा पर्चियों सहित 910 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस थाना कालाआम्ब में जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
नाहन में सिलेंडर को लेकर विवाद, युवक से मारपीट का आरोप
नाहन पुलिस थाना में संगड़ाह निवासी गोयल ने शिकायत दर्ज करवाई कि 18 सितंबर को वह अपने दोस्तों के साथ नाहन मेले में आया था। वाल्मीकि बस्ती के पास गैस गोदाम में सिलेंडर को लेकर हुए विवाद के बाद कथित तौर पर बागेश और उसके साथ आए अन्य लोगों ने गाली-गलौज की तथा उसके दोस्त राहुल तोमर के साथ मारपीट की।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी अन्वेषण शुरू कर दिया है।
शिलाई में दराट से हमले का आरोप, बीच-बचाव में युवक का हाथ कटा
पुलिस थाना शिलाई में सुनियाड़ी निवासी अनिल कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई कि 18 सितंबर की सुबह कपड़े लेने खेत में जाने के दौरान गांव के ही दिलीया राम, बलिया राम और बलबीर निवासी सुनियाड़ी (किणु) उसके साथ गाली-गलौज करने लगे।
शिकायत के अनुसार आरोपियों ने उस पर दराट से हमला किया। बीच-बचाव के दौरान उसके हाथ में चोट लगी। पुलिस थाना शिलाई में तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है।