100 बिस्तरों वाले नागरिक अस्पताल का निर्माण तेज; 10 चिकित्सक और 12 नर्सें दे रहीं सेवाएं
कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24
सिरमौर जिला के शिलाई विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर सरकार ने अस्पताल से लेकर गांव-गांव तक स्वास्थ्य ढांचा मजबूत करने का दावा किया है। रविवार को उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने उत्तरी गांव में स्वास्थ्य उपकेंद्र का शुभारंभ किया। इसके साथ ही शिलाई में 19 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 100 बिस्तरों वाले आधुनिक नागरिक अस्पताल का निर्माण भी तेजी से जारी है।
उत्तरी में स्वास्थ्य उपकेंद्र शुरू होने से आसपास की पंचायतों के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं अब घर के नजदीक मिल सकेंगी। इस मौके पर क्षेत्रवासियों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ उद्योग मंत्री का स्वागत किया।
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य संस्थानों के भवनों के निर्माण के साथ चिकित्सकों और अन्य स्टाफ की उपलब्धता पर भी जोर दिया जा रहा है।
शिलाई में 350 से 400 मरीज रोज पहुंच रहे
मंत्री ने कहा कि नागरिक अस्पताल शिलाई क्षेत्र का प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र बन चुका है। यहां प्रतिदिन करीब 350 से 400 मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित 10 डॉक्टर सेवाएं दे रहे हैं। इनमें नेत्र, मेडिसिन, अस्थि रोग तथा स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ शामिल हैं। अस्पताल में 12 नर्सें भी सेवाएं दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि पहले गंभीर अथवा विशेषज्ञ उपचार के लिए मरीजों को पांवटा साहिब और नाहन जाना पड़ता था, लेकिन शिलाई में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से अब अधिकांश उपचार स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो रहे हैं।
चार पीएचसी भवनों पर 4.73 करोड़ खर्च
शिलाई विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार के तहत कमरऊ में 1.25 करोड़, सतौन में 1.37 करोड़, चांदनी में 55 लाख और कोटा पाब में 56 लाख रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के भवनों का निर्माण चल रहा है। इन भवनों में चिकित्सकों के आवास की सुविधा भी होगी। वहीं, 1.27 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कांटी मशवा का हाल ही में लोकार्पण किया जा चुका है।
स्वास्थ्य के साथ विकास का बड़ा खाका
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए करीब 400 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार का काम चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
इस दौरान उत्तरी के सामुदायिक भवन के लिए 5 लाख तथा अनुसूचित जाति बस्ती पाटन और उत्तरी में सामुदायिक भवनों के लिए 2-2 लाख रुपये देने की घोषणा की गई। पाटन में ट्रांसफार्मर स्थापित करने का आश्वासन भी दिया गया।
इस अवसर पर एसडीएम शिलाई जसपाल, मार्केटिंग कमेटी अध्यक्ष सीता राम शर्मा, शिलाई ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कल्याण धामटा, पूर्व जिला परिषद सदस्य रणजीत नेगी व जितेंद्र राणा, प्रदेश महासचिव कांग्रेस कमेटी रवींद्र राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।








