ठाकुर जयराम बोले:पंचायत चुनाव के परिणाम पहले से पता थे, इसलिए चुनाव रोकने के लिए पूरा तंत्र लगाया; बदले की राजनीति की सरकार को चुकानी पड़ेगी बड़ी कीमत
*देवभूमि न्यूज 24*
जयसिंहपुर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांगड़ा जिला के जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री को पंचायत चुनाव के संभावित परिणामों का अंदाजा पहले से था, इसलिए चुनाव टालने के लिए सरकारी तंत्र का इस्तेमाल किया गया।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि आपदा का बहाना बनाकर चुनाव रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन भाजपा उच्च न्यायालय गई और लोकतंत्र की मूल इकाई के चुनाव समय पर करवाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के दौरान भी चुनाव करवाए गए थे। उनका कहना था कि पंचायतों को पंचायत सचिव, कनिष्ठ अभियंता और ड्राफ्टमैन के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता।
उन्होंने दावा किया कि उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद सरकार ने उच्चतम न्यायालय में भी चुनाव रोकने की लड़ाई लड़ी और इस प्रक्रिया में वकीलों पर लाखों रुपये खर्च किए गए। जयराम ने कहा कि अंततः चुनाव करवाने पड़े और परिणाम सबके सामने हैं। उन्होंने दावा किया कि चुनाव परिणामों के बाद मुख्यमंत्री से लगातार जवाब मांगा जा रहा है तथा सरकार के भीतर भी नेतृत्व को लेकर खींचतान चल रही है।
‘बदले की भावना से काम कर रही सरकार’
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार पंचायतों से लेकर विधानसभा क्षेत्रों तक जनप्रतिनिधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार यदि बदले की भावना से काम करेगी तो उसे इसकी बड़ी राजनीतिक कीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने अधिकारियों को भी नियम-कानून के दायरे में रहकर काम करने की नसीहत दी।
नए मुख्यमंत्री कार्यालय पर भी उठाए सवाल
जयराम ठाकुर ने नए मुख्यमंत्री कार्यालय के उद्घाटन को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस कार्यालय से डॉ. वाई.एस. परमार, रामलाल ठाकुर, वीरभद्र सिंह, शांता कुमार, प्रेम कुमार धूमल और उन्होंने स्वयं मुख्यमंत्री के रूप में काम किया, उसी कार्यालय को अब बदलने की जरूरत क्यों पड़ी।
उन्होंने कहा कि पूर्व सरकारों ने इसी कार्यालय से जनहित की योजनाएं शुरू कीं और प्रदेश के विकास को आगे बढ़ाया। जयराम ने दावा किया कि उनके कार्यकाल में बुजुर्गों की पेंशन संबंधी प्रावधानों में बदलाव के साथ सहारा, शगुन, हिमकेयर, गृहिणी सुविधा और स्वावलंबन जैसी योजनाएं शुरू की गईं।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने संस्थान बंद किए और विकास कार्यों पर रोक लगाई, जबकि दूसरी ओर करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से नया मुख्यमंत्री कार्यालय तैयार किया जा रहा है। उन्होंने नए कार्यालय के उद्घाटन के दौरान बिजली गुल होने की घटना पर भी तंज कसते हुए इसे सरकार के लिए ‘अशुभ संकेत’ करार दिया।
राहुल गांधी की टिप्पणी पर भी साधा निशाना
जयराम ठाकुर ने इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी की आलोचना की। उन्होंने इसे कांग्रेस की राजनीतिक सोच का स्तर बताया और कहा कि राजनीतिक विरोध के बावजूद भाषा की मर्यादा बनी रहनी चाहिए।
उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार प्रधानमंत्री बनने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनकी राजनीतिक शैली स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कांग्रेस में गांधी परिवार के भविष्य को लेकर भी राजनीतिक टिप्पणी की।
‘अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को हराना है’
नेता प्रतिपक्ष ने नवनिर्वाचित पंचायती राज जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे लोकतंत्र की मूल इकाई को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ की भावना के अनुरूप काम करें।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया और कहा कि भाजपा को मजबूत जनादेश दिलाने के लिए अभी से संगठन को सक्रिय करना होगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी और डबल इंजन की सरकार विकास को फिर गति देगी।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार, पूर्व मंत्री सुनील शर्मा, जयसिंहपुर के पूर्व विधायक रवींद्र धीमान, पूर्व जिला भाजपा प्रभारी विनोद ठाकुर, जाली के पूर्व विधायक अर्जुन सिंह, जिला अध्यक्ष रागिनी रकवाल, प्रदेश प्रवक्ता विनय शर्मा, घनश्याम शर्मा सहित जिला परिषद सदस्य, नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि, स्थानीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।








