कहा- नया सीएम कार्यालय किसी व्यक्ति की निजी संपत्ति नहीं, भविष्य में विपक्षी मुख्यमंत्री भी करेंगे इस्तेमाल
*देवभूमि न्यूज 24*
शिमला मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द किया जाएगा। इसके साथ ही मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल होगा। सोमवार को राज्य सचिवालय में मुख्यमंत्री के नए कार्यालय के शुभारंभ के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने यह जानकारी दी।
नए कार्यालय को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह किसी व्यक्ति का निजी कार्यालय नहीं है। 15 से 20 वर्ष बाद जब विपक्ष का कोई मुख्यमंत्री बनेगा, तब भी यही कार्यालय उसके काम आएगा। उन्होंने कहा कि यह उनका घर नहीं है। मुख्यमंत्री ने कार्यालय का निर्माण तय समय में पूरा करने के लिए अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रमिकों का आभार जताया।
विपक्ष के पास बोलने के लिए कुछ नहीं : सुक्खू
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास सरकार के खिलाफ बोलने के लिए अब कुछ नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में बिना पर्याप्त सोच-विचार के करीब 1,000 करोड़ रुपये की इमारतें तैयार की गईं, जिनमें से कई आज भी खाली पड़ी हैं।
सुक्खू ने दावा किया कि वर्ष 2017 से 2022 के बीच जयराम ठाकुर सरकार को राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) के रूप में 60 हजार करोड़ रुपये अधिक प्राप्त हुए। उन्होंने सवाल उठाया कि छठे वेतन आयोग को लागू करने के बाद कर्मचारियों का करीब 10 हजार करोड़ रुपये का एरियर क्यों नहीं दिया गया।
किशाऊ बांध पर प्रधानमंत्री के हस्तक्षेप से किया इनकार
किशाऊ बांध परियोजना को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कोई हस्तक्षेप नहीं था। उन्होंने कहा कि यह राज्यों के अधिकारियों और मंत्रिमंडल के सदस्यों के बीच हुई बैठकों का विषय था।
सुक्खू ने कहा कि जयराम ठाकुर सरकार के समय हुए समझौते को मौजूदा सरकार ने स्वीकार करने से इनकार कर दिया। मंत्रिमंडल ने एकमत होकर निर्णय लिया कि हिमाचल की संपदा के साथ समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह के समक्ष भी हिमाचल का पक्ष प्रमुखता से रखा गया। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि यदि उस समय जयराम ठाकुर की सरकार होती तो उत्तराखंड के साथ हुए समझौते की तर्ज पर हिमाचल के साथ भी समझौता हो जाता।
मंडी में पांच सीटों तक सिमटने का दावा
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री सुक्खू ने भाजपा पर राजनीतिक हमला करते हुए दावा किया कि मंडी जिले में भाजपा बमुश्किल पांच सीटों तक सिमट जाएगी। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले भाजपा में पांच गुट थे, लेकिन अब गुटबाजी और बढ़ गई है और पार्टी में छह गुट हो गए हैं।
मुख्यमंत्री ने सोलन और सिरमौर जिलों में भी कांग्रेस के कई सीटों पर जीत दर्ज करने का दावा किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आएंगे, कांग्रेस की स्थिति में और सुधार होगा।








