देवभूमि न्यूज 24
आनी कुल्लू जिले के आनी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-305 पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही गांव के चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा हरिपुर के पास निगान-निमला के बीच हुआ, जहां कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार कार नंबर एचपी-35-9123 में सवार युवक एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। सोमवार देर रात करीब तीन बजे हरिपुर के पास पहुंचते ही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
खाई काफी गहरी होने के कारण दुर्घटनाग्रस्त वाहन तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण रहा। बचाव दल और स्थानीय लोगों को घायलों एवं मृतकों को बाहर निकालने के लिए कई घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। राहत एवं बचाव अभियान मंगलवार सुबह करीब आठ बजे तक जारी रहा।
हादसे में राहुल राणा (25), बाल कृष्ण, विकास उर्फ विक्की और गुंजन, सभी निवासी गांव जाबो, डाकघर कराणा, तहसील आनी, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सुरेश कुमार (28) निवासी जाबो घायल हुआ, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से नागरिक अस्पताल आनी पहुंचाया गया।
एक ही गांव के चार युवकों की एक साथ मौत की खबर फैलते ही जाबो और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
आनी में 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, चार युवकों की मौत; एक गंभीर घायल








