रक्षा मंत्रालय ने परियोजना के लिए मंजूर किए 3.50 करोड़ रुपये, राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज
हमीरपुर में कंप्यूटर इंजीनियरिंग के पांचवें सेमेस्टर का छात्र है सर्वेश
राजीव शर्मन,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24
हमीरपुर: प्रतिभा किसी परिस्थिति की मोहताज नहीं होती। मेहनत और लगन के दम पर साधारण परिवार का युवा भी बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकता है। इसका उदाहरण राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज हमीरपुर (बड़ू) के छात्र सर्वेश शर्मा ने पेश किया है। बाहनवीं गांव के रहने वाले सर्वेश ने भारतीय सेना की सीमा निगरानी से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए अत्याधुनिक ड्रोन तैयार करने में सफलता हासिल की है। उनके प्रोजेक्ट के लिए रक्षा मंत्रालय के डिफेंस इनोवेशन ऑर्गेनाइजेशन (डीआईओ) और इनोवेशन फॉर डिफेंस एक्सीलेंस (आईडैक्स) के तहत 3.50 करोड़ रुपये की ग्रांट मंजूर हुई है।
कंप्यूटर इंजीनियरिंग के पांचवें सेमेस्टर के छात्र सर्वेश अब भारतीय सेना के लिए रुद्रा एज टी-1 (स्पेक्ट्रा) ड्रोन विकसित करने की दिशा में काम करेंगे। परियोजना का उद्देश्य सीमा पर निगरानी क्षमता को मजबूत करना है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार प्रस्तावित ड्रोन को इस तरह विकसित किया जा रहा है कि वह रडार से बच सके और जैमर के प्रभाव से भी सुरक्षित रहे।
रक्षा मंत्रालय के डिफेंस प्रोडक्शन विभाग के अतिरिक्त सचिव एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश माहौर ने सोमवार को परियोजना के लिए बजट को मंजूरी दी। रक्षा मंत्रालय ने परियोजना से संबंधित औपचारिकताएं पूरी करने के लिए 20 दिन का समय दिया है। परियोजना का इनक्यूबेशन सेंटर आईआईटी रुड़की में बनाया गया है, जहां सर्वेश अत्याधुनिक प्रयोगशाला में इस प्रोजेक्ट पर काम करेंगे। इसे 20 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता से मिली प्रेरणा
सर्वेश ने आईआईटी जोधपुर और कोनार्क कोर की राष्ट्रीय स्तर की ओपन कार्ड बोर्ड ड्रोन प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिष्ठित संस्थानों की करीब 50 टीमों ने भाग लिया था। सर्वेश की टीम ने प्रतियोगिता में 10 लाख रुपये का चौथा पुरस्कार हासिल किया।
इसी प्रतियोगिता के दौरान भारतीय सेना की सीमा निगरानी से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा हुई। इससे प्रेरित होकर सर्वेश ने सेना की इस समस्या का तकनीकी समाधान खोजने के लिए ड्रोन विकसित करने पर काम शुरू किया। शुरुआती स्तर पर उन्होंने इस प्रोजेक्ट पर करीब 87 हजार रुपये खर्च किए। इसके बाद उन्होंने डीआईओ और आईडैक्स के तहत स्टार्टअप परियोजना के लिए आवेदन किया, जिसे अब मंजूरी मिल गई है।
दिहाड़ी-मजदूर पिता के बेटे ने रचा इतिहास
सर्वेश शर्मा का संबंध बाहनवीं गांव के एक साधारण परिवार से है। उनके पिता संजीव शर्मा दिहाड़ी-मजदूरी करते हैं। आर्थिक परिस्थितियां सीमित होने के बावजूद सर्वेश ने सरकारी स्कूल में पढ़ाई की और आगे बढ़ते हुए तकनीकी क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उन्होंने प्रारंभिक से लेकर सेकेंडरी स्तर तक की शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाहनवीं से हासिल की।
सर्वेश की इस उपलब्धि से उनके परिवार के साथ-साथ राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज हमीरपुर और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। कॉलेज के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर, कंप्यूटर इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष समीर भारती सहित अन्य शिक्षकों ने सर्वेश को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।








