भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने सरकार से मांगी परियोजना की शर्तों पर स्पष्टता, सिरमौर के किसानों, रोजगार और विस्थापित परिवारों के हितों पर भी उठाए सवाल
कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बलदेव तोमर ने किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना को लेकर प्रदेश सरकार पर हिमाचल के दीर्घकालिक हितों की अनदेखी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार परियोजना से प्रदेश को होने वाली संभावित आय का उल्लेख कर रही है, लेकिन नए समझौते में हिमाचल के जल अधिकारों और बिजली हिस्सेदारी की स्थिति को स्पष्ट किया जाना चाहिए।
किशाऊ परियोजना की अनुमानित लागत 15,624 करोड़ रुपये बताई गई है, जिसमें जल घटक 12,096 करोड़ और विद्युत घटक 3,528 करोड़ रुपये का है। तोमर ने कहा कि पूर्व व्यवस्था के अनुसार विद्युत घटक में हिमाचल की 50 प्रतिशत हिस्सेदारी होती तो प्रदेश को 1,764 करोड़ रुपये का निवेश करना पड़ता। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि इस निवेश से प्रदेश को मुक्त किया गया है तो इसके बदले जल अधिकारों और भविष्य की बिजली हिस्सेदारी पर क्या प्रभाव पड़ा है।
केंद्र सरकार के अनुसार जून 2026 में बनी सहमति के तहत हिमाचल के हिस्से के पानी को दिल्ली और राजस्थान को उपलब्ध कराने के बदले इन राज्यों द्वारा हिमाचल के विद्युत घटक की लागत में योगदान करने की व्यवस्था पर सहमति बनी थी। केंद्र जल घटक की 90 प्रतिशत लागत वहन करेगा।
तोमर ने पूर्व जल बंटवारे में हिमाचल की हिस्सेदारी को लेकर भी सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने पूछा कि नए समझौते में प्रदेश के जल अधिकार पहले की तरह सुरक्षित हैं या उनमें कोई बदलाव किया गया है।
1,200 करोड़ की आय पर भी सवाल
तोमर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा किशाऊ परियोजना से करीब 1,200 करोड़ रुपये सालाना आय होने के अनुमान पर भी सवाल उठाया। मुख्यमंत्री ने समझौते के बाद कहा था कि हिमाचल को परियोजना से 211 मेगावाट बिजली का हिस्सा बिना उत्पादन लागत वहन किए मिलेगा और इससे लगभग 1,200 करोड़ रुपये वार्षिक आय का अनुमान है।
तोमर ने कहा कि सरकार को सकल आय के साथ-साथ परियोजना से जुड़े संचालन, वित्तीय और अन्य खर्चों को ध्यान में रखकर वास्तविक आर्थिक लाभ की स्थिति भी स्पष्ट करनी चाहिए।
सिरमौर के किसानों और विस्थापितों के हितों पर मांगा जवाब
भाजपा नेता ने सरकार से यह भी पूछा कि किशाऊ परियोजना से सिरमौर के किसानों के लिए सिंचाई की क्या व्यवस्था होगी। स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन को लेकर भी उन्होंने विस्तृत जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की।
किशाऊ परियोजना टोंस नदी पर हिमाचल प्रदेश-उत्तराखंड सीमा क्षेत्र में प्रस्तावित 422 मेगावाट की बहुउद्देशीय परियोजना है। छह राज्यों ने सितंबर 2026 में इसके क्रियान्वयन के लिए समझौता किया है।








