स्मार्ट मीटर के बाद कई उपभोक्ताओं को नहीं मिल रहे बिल के संदेश, विद्युत उपमंडल कार्यालय में नंबर अपडेट करवाने की अपील
देवभूमि न्यूज 24
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड ने सभी बिजली उपभोक्ताओं से अपना वर्तमान और चालू मोबाइल नंबर विद्युत विभाग के रिकॉर्ड में अपडेट करवाने की अपील की है। बोर्ड के अनुसार स्मार्ट मीटर स्थापित होने के बाद कई उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर अपडेट नहीं होने के कारण उन्हें बिजली बिल से संबंधित संदेश प्राप्त नहीं हो रहे हैं।
बिल का संदेश समय पर नहीं मिलने के कारण कुछ उपभोक्ताओं को बिल की राशि का पता समय पर नहीं चल पाता और राशि लगातार जुड़ती रहती है। बाद में एक साथ अधिक राशि का बिल आने पर उपभोक्ताओं को भुगतान में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
बोर्ड ने उन उपभोक्ताओं से भी मोबाइल नंबर अपडेट करवाने का आग्रह किया है, जिनके घरों में अभी स्मार्ट मीटर स्थापित नहीं हुए हैं। इससे बिजली बोर्ड की ओर से भेजी जाने वाली आवश्यक सूचनाएं और अन्य अपडेट समय पर प्राप्त हो सकेंगे।
दो महीने से संदेश नहीं आया तो तुरंत करें संपर्क
बिजली बोर्ड ने कहा है कि जिन उपभोक्ताओं को पिछले दो महीने से बिजली बिल का संदेश नहीं मिल रहा है, वे अपने नजदीकी विद्युत उपमंडल कार्यालय में जाकर अपना मोबाइल नंबर अपडेट करवाएं। इसके साथ ही उपभोक्ताओं को समय-समय पर हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड की वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर अपना बिजली बिल स्वयं भी जांचते रहने की सलाह दी गई है।
बोर्ड ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय पर बिजली बिल की जानकारी प्राप्त कर उसका भुगतान सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में एक साथ अधिक राशि का बिल आने से होने वाली परेशानी से बचा जा सके।








