गुरु प्रदोष व्रत आज, करें इस व्रत कथा का पाठ, महादेव की बरसेगी कृपा

Share this post


देवभूमि न्यूज 24
🪦हर माह के शुक्ल और कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को प्रदोष व्रत रखा जाता है. जब त्रयोदशी तिथि गुरुवार के दिन पड़ती है, तो इसे गुरु प्रदोष व्रत कहा जाता है. भाद्रपद मास में यह पर्व 24 सितंबर, गुरुवार के दिन रखा जाएगा.

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गुरु प्रदोष का व्रत रखने से ज्ञान, धन और मान-सम्मान की प्राप्तिहोती है. साथ ही जीवन के संकट दूर होते हैं और शत्रुओं पर विजय की प्राप्ति होती है. इस दिन भगवान शिव की पूजा के साथ व्रत कथा का पाठ करना भी शुभ माना जाता है.

📿पौराणिक कथा
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ
पौराणिक कथा के अनुसार, एक समय देवताओं और असुरों के बीच भयंकर युद्ध हुआ. देवराज इंद्र के नेतृत्व में देवताओं ने असुरों की सेना को पराजित कर दिया. अपनी सेना को हारता देखकर दैत्यराज वृत्रासुर बहुत क्रोधित हो गया. उसने अपनी आसुरी माया से एक विकराल रूप धारण कर लिया. उसका भयंकर रूप देखकर सभी देवता भयभीत हो गए. अपनी रक्षा के लिए सभी देवता देवगुरु बृहस्पति के पास पहुंचे और उनसे सहायता मांगी.

📿गुरु बृहस्पति ने बताया वृत्रासुर के पूर्वजन्म का रहस्य
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ
देवताओं को भयभीत देखकर देवगुरु बृहस्पति ने कहा कि वृत्रासुर केवल एक दैत्य नहीं है, बल्कि वह अपने पूर्वजन्म में भगवान शिव का महान भक्त और तपस्वी राजा था. पूर्वजन्म में उसका नाम राजा चित्ररथ था. वह एक धार्मिक राजा था और हमेशा अपनी प्रजा के हित के लिए काम करता था.

एक बार राजा चित्ररथ अपने दिव्य विमान से कैलाश पर्वत के ऊपर से गुजर रहा था. वहां उसने देखा कि भगवान शिव की सभा लगी हुई है और माता पार्वती उनके वाम अंग (गोद) में विराजमान हैं.

यह देखकर चित्ररथ ने उपहास करते हुए कहा, “हे देवों के देव! हम सांसारिक लोग तो मोह-माया में फंसकर स्त्रियों के वशीभूत रहते हैं, लेकिन देवताओं की इस भरी सभा में ऐसा दृश्य हमने पहले कभी नहीं देखा.” चित्ररथ की बात सुनकर भगवान शिव मंद-मंद मुस्कुराए और बोले, “हे राजन! मेरा दृष्टिकोण और संसार को देखने का भाव अलग है.”

📿माता पार्वती के शाप से हुआ वृत्रासुर का जन्म
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ
भगवान शिव ने चित्ररथ की बात को हंसकर टाल दिया, लेकिन माता पार्वती इससे बहुत क्रोधित हो गईं. उन्होंने चित्ररथ से कहा कि उसने महादेव के साथ-साथ पूरी मातृशक्ति का भी उपहास किया है. इसके बाद माता पार्वती ने चित्ररथ को राक्षस योनि में जन्म लेने का शाप दे दिया. माता पार्वती के इसी शाप के कारण राजा चित्ररथ का पतन हुआ और आगे चलकर उसने ऋषि त्वष्टा के महायज्ञ के प्रभाव से वृत्रासुर के रूप में जन्म लिया. वृत्रासुर भगवान शिव का भक्त था. उसने गंधमादन पर्वत पर घोर तपस्या कर भगवान शिव को प्रसन्न किया और उनसे अजेय होने का वरदान प्राप्त किया.

📿गुरु प्रदोष व्रत से इंद्र को मिली विजय
ॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐॐ
वृत्रासुर का रहस्य बताने के बाद गुरु बृहस्पति ने देवराज इंद्र को एक उपाय बताया. उन्होंने कहा कि वृत्रासुर की शक्ति का एक बड़ा कारण उसकी शिवभक्ति है. यदि इंद्र उस पर विजय प्राप्त करना चाहते हैं, तो उन्हें भगवान शिव को प्रसन्न करना होगा. इसके लिए उन्हें श्रद्धापूर्वक गुरु प्रदोष व्रत रखना चाहिए.

देवराज इंद्र ने गुरु बृहस्पति की आज्ञा का पालन करते हुए विधि-विधान से गुरु प्रदोष व्रत रखा और प्रदोष काल में भगवान शिव की पूजा-अर्चना की. व्रत और भगवान शिव की आराधना के प्रभाव से इंद्र को अपनी खोई हुई शक्ति वापस मिल गई. इसके बाद हुए युद्ध में इंद्र ने वृत्रासुर को पराजित कर उसका वध कर दिया. इसके बाद देवलोक में फिर से शांति और धर्म की स्थापना हुई.

♿हरहर_महादेव_शिवशंभू♿
🙏🏻🙏🏻🙏🏻
🔱🔱🔱🔱🔱🔱🔱🔱🔱