पच्छाद की विधायक को राष्ट्रीय संगठन में अहम जिम्मेदारी, डॉ. सतीश पूनिया होंगे प्रदेश प्रभारी
कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24
सिरमौर : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने संगठनात्मक नियुक्तियों की घोषणा करते हुए हिमाचल प्रदेश के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से विधायक रीना कश्यप को जम्मू-कश्मीर भाजपा का सह-प्रभारी नियुक्त किया है। जम्मू-कश्मीर के प्रभारी की जिम्मेदारी डॉ. सतीश पूनिया को सौंपी गई है। रीना कश्यप की नियुक्ति को हिमाचल, विशेषकर सिरमौर के राजनीतिक और संगठनात्मक क्षेत्र में महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।
रीना कश्यप वर्ष 2019 में पच्छाद विधानसभा उपचुनाव के माध्यम से पहली बार विधायक चुनी गई थीं। इसके बाद वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने एक बार फिर पच्छाद सीट पर जीत दर्ज कर विधानसभा में अपनी मौजूदगी कायम रखी। अब राष्ट्रीय नेतृत्व ने उन्हें जम्मू-कश्मीर जैसे महत्वपूर्ण प्रदेश में संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपकर पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में भूमिका दी है।
नई जिम्मेदारी के तहत रीना कश्यप जम्मू-कश्मीर भाजपा संगठन के साथ समन्वय करते हुए पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों में भाग लेंगी। यह नियुक्ति हिमाचल भाजपा के उन नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक जिम्मेदारियां दिए जाने की कड़ी में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
इसी के साथ भाजपा ने हिमाचल प्रदेश के संगठन प्रभारी के रूप में श्रीकांत शर्मा को दोबारा जिम्मेदारी सौंपी है, जबकि उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह को प्रदेश का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। श्रीकांत शर्मा मथुरा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं और उत्तर प्रदेश सरकार में ऊर्जा मंत्री का दायित्व भी संभाल चुके हैं। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान उन्हें हिमाचल प्रदेश का चुनाव प्रभारी बनाया गया था।
दर्शना सिंह उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं और लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय रही हैं। वे भाजपा महिला मोर्चा की उत्तर प्रदेश अध्यक्ष तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सहित विभिन्न संगठनात्मक दायित्व निभा चुकी हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व की इन नियुक्तियों के बाद हिमाचल प्रदेश संगठन में भी नई जिम्मेदारियों को लेकर सक्रियता बढ़ने की उम्मीद है। पच्छाद की विधायक रीना कश्यप को जम्मू-कश्मीर में सह-प्रभारी बनाए जाने से सिरमौर का नाम भी राष्ट्रीय संगठनात्मक जिम्मेदारियों में सामने आया है।








