कहानी वाचन से लोक संस्कृति और सृजनात्मकता से जुड़े स्कूली छात्र

Share this post


देवभूमि न्यूज 24
शिमला युवा पीढ़ी को सृजनात्मकता की ओर मोड़ने और अपनी लोक संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से कहानी वाचन श्रृंखला ‘एक समय की बात है’ के तहत कहानी वाचन सत्र का आयोजन किया गया। ऐतिहासिक गेयटी थियेटर परिसर के सम्मेलन कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के वरिष्ठ साहित्यकार अनुराग पराशर ने राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छोटा शिमला के करीब 60 विद्यार्थियों के साथ संवाद किया और उन्हें लोक कथाओं के माध्यम से जीवन मूल्यों का संदेश दिया।
कहानीकार अनुराग पराशर ने विद्यार्थियों को ‘सूचना’ और ‘पेट की लड़ाई’ शीर्षक लोक कथाएं सुनाईं। ‘सूचना’ कहानी के माध्यम से उन्होंने कहा कि सही और सटीक सूचना अथवा जानकारी मनुष्य की सबसे बड़ी ताकत होती है। उन्होंने कहा कि लोक कथाएं और लोक गाथाएं संदेशपरक होती हैं तथा इनके माध्यम से जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
वहीं ‘पेट की लड़ाई’ कहानी के माध्यम से उन्होंने विद्यार्थियों को एकता में शक्ति और हर वस्तु एवं स्थान के महत्व का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में हमारे पास जो कुछ है, उसका सदुपयोग करना चाहिए और समय को व्यर्थ नहीं गंवाना चाहिए। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को गुरुजनों, बड़ों और बुजुर्गों के प्रति सेवाभाव रखते हुए उनका आदर-सम्मान करने के लिए प्रेरित किया।
छात्रों ने भी सुनाईं प्रेरक कहानियां
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छात्र लक्ष्य ने ‘ईमानदार लकड़हारा’ कहानी के माध्यम से ईमानदारी और लालच से दूर रहने का संदेश दिया। परिधि ने स्वामी विवेकानंद से जुड़ी प्रेरक कहानी सुनाई। गूंजन ने ‘बच्चा जो सवाल करने से नहीं डरता’ कहानी के माध्यम से सामाजिक बदलाव के लिए सवाल पूछने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
सोनाक्षी ने ‘मां का साथ, बेटी का सपना’ कहानी के जरिए बेटियों को अपने सपने पूरे करने के अवसर देने का संदेश दिया। इसके अलावा आशीष, विशाल और आरब ने भी कहानी वाचन किया। विद्यार्थियों ने कहानीकार अनुराग पराशर से सवाल-जवाब के माध्यम से संवाद किया और कहानी लेखन की बारीकियों को समझा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने कहानियों पर विश्लेषणात्मक टिप्पणियां भी प्रस्तुत कीं।
अन्य जिलों में भी होंगे आयोजन
विभाग की ओर से बताया गया कि विद्यार्थियों को लोक संस्कृति, साहित्य और सृजनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए हर माह बैग फ्री डे के अवसर पर इस तरह के कार्यक्रम अन्य जिलों में भी आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में विभाग के सहायक निदेशक अनिल हारटा, जिला भाषा अधिकारी शिमला सरोजना नरवाल, अध्यापक सीमा चंदेल, अजय, रुचि, शिवम ठाकुर और अशोक कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।