ब्यूरो,देवभूमि न्यूज 24
शिलाई:राजकीय महाविद्यालय शिलाई की एनएसएस इकाइयों द्वारा “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के अंतर्गत 25 सितंबर 2026 को महाविद्यालय परिसर में एक दिवसीय स्वच्छता शिविर एवं स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. गोपाल भारद्वाज के मार्गदर्शन में तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों यशपाल शर्मा एवं रंजना चौहान के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
इस स्वच्छता अभियान में एनएसएस के 50 स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वयंसेवकों द्वारा महाविद्यालय परिसर में विभिन्न स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण संबंधी गतिविधियां की गईं। परिसर में लगे फूल-पौधों की गुड़ाई एवं निराई की गई तथा बरसात के दौरान उगी अनावश्यक झाड़ियों एवं घास को काटकर परिसर को साफ-सुथरा बनाया गया।
इसके अतिरिक्त स्वयंसेवकों ने परिसर में बिखरे रैपर एवं अन्य कचरे को एकत्रित कर उचित ढंग से साफ-सफाई की। अभियान के दौरान महाविद्यालय परिसर के विभिन्न स्थानों की व्यापक सफाई की गई, जिससे परिसर की स्वच्छता एवं सुंदरता में सुधार हुआ।
इस अवसर पर एनएसएस स्वयंसेवकों ने स्वच्छता के महत्व को समझते हुए महाविद्यालय परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में स्वच्छता, श्रमदान, सामुदायिक जिम्मेदारी तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा दिया।
प्राचार्य प्रो. गोपाल भारद्वाज ने स्वयंसेवकों द्वारा किए गए श्रमदान की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ परिसर केवल संस्थान की सुंदरता को बढ़ाता ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में जिम्मेदारी एवं सामाजिक चेतना की भावना भी विकसित करता है। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों यशपाल शर्मा एवं रंजना चौहान ने भी स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की।








