शिलाई में 3 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद, कालाआम्ब व पांवटा में मारपीट के मामले दर्ज
शिलाई/कालाआम्ब/पांवटा साहिब
देवभूमि न्यूज 24 टीम
जिले में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए शिलाई में अवैध शराब बरामद की, जबकि कालाआम्ब और पांवटा साहिब में मारपीट, धमकी और विवाद से जुड़े मामले दर्ज किए हैं।
शिलाई में तीन लीटर कच्ची शराब बरामद
पुलिस थाना शिलाई की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पंच राम निवासी गांव देमाणा, डाकघर गवाली की तलाशी ली गई। उसके पास मौजूद बैग की जांच करने पर तीन लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कालाआम्ब में सुरक्षा कर्मी से मारपीट, चाकू से हमला करने का आरोप
पुलिस थाना कालाआम्ब में अरुण कुमार निवासी रत्तुवाला, जिला यमुनानगर की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार वह कालाआम्ब स्थित एक कंपनी में सुरक्षा कर्मी के रूप में कार्यरत है। आरोप है कि ड्यूटी से लौटते समय सढौरा रोड पर दो युवकों ने उसका रास्ता रोककर मारपीट का प्रयास किया। शिकायतकर्ता ने इनमें से एक की पहचान कंपनी में काम करने वाले चेतन के रूप में की। बाद में दोबारा रास्ते में रोककर मारपीट करने तथा पीठ पर चाकू से हमला करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पांवटा में अदालत जाते समय रास्ता रोकने और धमकी देने का मामला
पुलिस थाना पांवटा साहिब में अजियावाला निवासी जोगिन्द्र सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ है। शिकायत के अनुसार 24 सितंबर को वह न्यायालय में बयान के लिए अपनी कार से जा रहा था। बद्रीपुर के समीप एक स्कूल बस के कारण उसे वाहन रोकना पड़ा। इसी दौरान पीछे से आए जिंदर पाल और गीता राम ने मोटरसाइकिल उसकी कार के आगे लगाकर रास्ता रोक दिया। शिकायतकर्ता ने दोनों पर धमकी देने तथा कार का शीशा खोलने के लिए कहने का आरोप लगाया है। शीशा नहीं खोलने पर कार के शीशे पर मुक्का मारने की बात भी शिकायत में कही गई है।
इसी विवाद में जिंदर पाल की शिकायत पर भी मामला दर्ज
पुलिस ने इसी घटनाक्रम से जुड़े एक अन्य मामले में जिंदर पाल निवासी अजियावाला की शिकायत पर भी मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता के अनुसार वह अपने पिता के साथ मोटरसाइकिल पर पांवटा साहिब न्यायालय जा रहा था। आरोप है कि जोगिन्द्र सिंह ने अपनी कार अचानक उनकी मोटरसाइकिल के सामने मोड़ दी, जिससे दुर्घटना और चोट लगने का खतरा पैदा हो गया। शिकायत में भूमि विवाद के चलते भविष्य में अप्रिय घटना की आशंका भी जताई गई है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।








