बल्ह में गरजे सुक्खू, बोले—भाजपा ने हिमाचल को कर्ज के दलदल में धकेला, कांग्रेस ने बचाए 3 हजार करोड़

Share this post

कंसा चौक में जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्व भाजपा सरकार पर साधा निशाना, बल्ह के लिए करोड़ों की विकासात्मक घोषणाएं
देवभूमि न्यूज 24
मंडी: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने बल्ह विधानसभा क्षेत्र के कंसा चौक में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के डबल इंजन शासन के दौरान हिमाचल प्रदेश को कर्ज के बोझ में धकेला गया और प्रदेश की आर्थिक संपदा का उचित उपयोग नहीं किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश को जीएसटी कंपनसेशन और आरडीजी के रूप में करीब 60 हजार करोड़ रुपये मिले, लेकिन इनका समुचित उपयोग नहीं हो पाया।
सुक्खू ने कहा कि करीब 45 महीने पहले कांग्रेस की सरकार बनने के बाद मंत्रिमंडल की पहली बैठक में पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने दावा किया कि इसके बाद केंद्र सरकार ने हिमाचल की करीब 1,600 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता रोक दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा और राजनीतिक चुनौती के बावजूद राज्य सरकार ने मजबूती से काम किया तथा अपने संसाधनों से करीब 23 हजार क्षतिग्रस्त मकानों का पुनर्निर्माण करवाया।
किशाऊ परियोजना पर हिमाचल के हितों की पैरवी का दावा
मुख्यमंत्री ने किशाऊ बांध परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने हिमाचल के हितों की मजबूती से पैरवी की। उन्होंने दावा किया कि इससे प्रदेश का करीब 3,000 करोड़ रुपये का संभावित अतिरिक्त खर्च बचा है। उन्होंने कहा कि परियोजना से भविष्य में हिमाचल को सालाना 1,200 से 1,500 करोड़ रुपये की आय हो सकती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार का लक्ष्य हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाना है। भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के साथ कर्मचारियों और पेंशनरों के वित्तीय लाभ देने तथा अनाथ बच्चों और विधवाओं के कल्याण के लिए योजनाएं लागू की जा रही हैं।
दूध के दाम और महिलाओं की योजना में बदलाव की घोषणा
सुक्खू ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार के समय गाय का दूध 32 रुपये प्रति लीटर की दर से खरीदा जा रहा था, जबकि वर्तमान सरकार ने गाय के दूध का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाकर 61 रुपये और भैंस के दूध का 71 रुपये प्रति लीटर किया है। उन्होंने आने वाले समय में दूध के दाम और बढ़ाने का संकेत दिया।
मुख्यमंत्री ने ‘अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ में बदलाव की घोषणा करते हुए कहा कि योजना का लाभ लेने के लिए मनरेगा में एक दिन काम करने की अनिवार्य शर्त हटाई जाएगी। परिवार की आय सीमा 50 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये की जाएगी। उन्होंने कहा कि 21 वर्ष से अधिक आयु की पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये मासिक पेंशन दी जाएगी।
800 पुलिस कांस्टेबलों की भर्ती, नेरचौक में एमआरआई
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में जल्द ही पुलिस कांस्टेबलों के 800 पदों पर भर्ती की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नेरचौक मेडिकल कॉलेज में 23 करोड़ रुपये की लागत से एमआरआई मशीन स्थापित की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के समय अस्पतालों में करीब 35 प्रतिशत स्टाफ उपलब्ध था, जिसे वर्तमान सरकार ने बढ़ाकर करीब 60 प्रतिशत किया है और इसे 80 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
जयराम ठाकुर पर क्षेत्रवाद को लेकर निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए सुक्खू ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में मंडी में क्षेत्रवाद का नारा देकर भाजपा ने जिले की 10 में से 9 सीटों पर जीत दर्ज की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के दौरान सराज को छोड़कर मंडी जिले के अन्य क्षेत्रों की विकास के मामले में अनदेखी हुई।
बल्ह का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश चौधरी चुनाव जीतते तो आज प्रदेश सरकार में मंत्री होते। उन्होंने स्थानीय भाजपा विधायक पर भी क्षेत्र की आवाज विधानसभा में प्रभावी ढंग से नहीं उठाने का आरोप लगाया।
डीए की किस्त जल्द जारी होने के संकेत
मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों को महंगाई भत्ते (डीए) की किस्त जल्द जारी करने के संकेत देते हुए कहा कि इस बार कर्मचारी अच्छी तरह दिवाली मना सकेंगे। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है।
बल्ह के लिए कई विकास कार्यों की घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने नेरचौक में जल शक्ति विभाग और विद्युत बोर्ड के डिवीजन तथा डीएसपी कार्यालय खोलने की घोषणा की। इसके अलावा सिंचाई एवं पेयजल योजनाओं के लिए 3 करोड़ रुपये, डंपिंग साइट के लिए 1 करोड़ रुपये, कंसा स्टेडियम की मरम्मत के लिए 50 लाख रुपये तथा लोक निर्माण विभाग की सड़कों की मरम्मत एवं रखरखाव के लिए 3 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
रिडू, नालू और सरयाड सड़क को पक्का करने के लिए 60 लाख रुपये तथा क्षेत्र के महिला मंडलों को 35-35 हजार रुपये देने की घोषणा भी की गई। गुरकोटा में आगामी शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई स्कूल खोलने की घोषणा मुख्यमंत्री ने की।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, एपीएमसी अध्यक्ष संजीव गुलेरिया सहित विधायक, कांग्रेस नेता, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य मौजूद रहे।