चार महीने बाद बदला पंचायत चुनाव का नतीजा, पुनर्मतगणना में भारती ठाकुर 44 वोट से प्रधान निर्वाचित

Share this post

पहली मतगणना में संतोष कुमारी को मिली थी जीत, पुनर्मतगणना के बाद परिणाम बदला
देवभूमि न्यूज 24
चंबा सलूणी विकासखंड की ठाकरीमट्टी पंचायत में प्रधान पद के चुनाव का परिणाम करीब चार महीने बाद बदल गया। एसडीएम के निर्देश पर करवाई गई पुनर्मतगणना में भारती ठाकुर को 601, जबकि संतोष कुमारी को 557 वोट मिले। इस तरह भारती ठाकुर ने 44 मतों के अंतर से जीत दर्ज की और उन्हें प्रधान निर्वाचित घोषित किया गया।
26 मई को हुई पहली मतगणना में संतोष कुमारी को 597 और भारती ठाकुर को 561 वोट मिले थे। पहली मतगणना के आधार पर संतोष कुमारी को विजेता घोषित किया गया था। इसके बाद भारती ठाकुर ने मतगणना को लेकर एसडीएम के समक्ष चुनाव याचिका दायर की। याचिका पर सुनवाई के बाद पुनर्मतगणना के निर्देश दिए गए।
पुनर्मतगणना में सामने आए नए परिणाम के बाद पंचायत चुनाव की मतगणना प्रक्रिया और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा तेज हो गई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार पुनर्मतगणना निर्धारित प्रक्रिया के तहत करवाई गई और इसकी वीडियोग्राफी भी की गई।
वहीं, पहली मतगणना में विजेता रही संतोष कुमारी ने पुनर्मतगणना की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मामले को उच्च न्यायालय में चुनौती देने की बात कही है।
चार महीने बाद बदले चुनाव परिणाम ने पंचायत चुनावों में मतगणना की पारदर्शिता, आपत्तियों के निपटारे और प्रशासनिक प्रक्रिया को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।