राजकीय उच्च विद्यालय धार के दसवीं कक्षा के छात्र ने राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया
कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24
शिलाई: शिलाई उपमंडल के राजकीय उच्च विद्यालय धार के दसवीं कक्षा के मेधावी छात्र अभिनव राणा ने अखिल भारतीय संस्कृत गीत प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। यह प्रतियोगिता ‘हिमसंस्कृतम् न्यास’ के ‘हिमसंस्कृतवार्ता’ दैनिक ई-संस्कृत समाचार पत्र प्रकल्प की ओर से संस्कृत सप्ताह के उपलक्ष्य में 27 अगस्त से 7 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की गई थी।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देशभर से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। अभिनव राणा ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है।
विद्यालय प्रभारी ईश्वर चंद राणा ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र का दूसरा स्थान हासिल करना पूरे विद्यालय के लिए गौरव की बात है। संस्कृत अध्यापक राजेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि अभिनव ने अपनी मेहनत और लगन से पूरे देश में विद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
अभिनव राणा के पिता बलदेव राणा ने बेटे की सफलता का श्रेय उसकी कड़ी मेहनत तथा संस्कृत अध्यापक के कुशल मार्गदर्शन को दिया। विद्यालय की ओर से प्रतियोगिता की आयोजक समिति का भी आभार जताया गया, जिसने विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के लिए इस प्रतियोगिता का आयोजन किया।
इस अवसर पर प्रतियोगिता में भाग लेने वाली विद्यालय की छात्राएं वंशिका राणा और अवनी राणा को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रमुख ईश्वर चंद राणा, संस्कृत अध्यापक राजेंद्र सिंह ठाकुर, हिंदी अध्यापक सुभाष शर्मा, सुनील कुमार, कंवर राणा, राम रती, कला अध्यापिका सीमा शर्मा, रीना देवी सहित प्राथमिक विद्यालय के अध्यापकों ने अभिनव राणा और उसके माता-पिता को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय के प्रमुख टीका राम शर्मा, अध्यापक श्याम सिंह ठाकुर, भाव सिंह राणा और सुमित्रा राणा सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।








