भाजपा छोड़ने की अटकलों पर कैप्टन अमरिंदर सिंह का स्पष्ट जवाब, बोले- विचार रखना पार्टी छोड़ना नहीं

Share this post

*देवभूमि न्यूज 24*

चंडीगढ़:पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भाजपा छोड़ने की अटकलों पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि पंजाब के बारे में अपने विचार और भावनाएं पार्टी नेतृत्व के सामने रखना उनका कर्तव्य है। इसका यह अर्थ नहीं है कि वह भाजपा छोड़ रहे हैं।
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि उन्होंने पंजाब की राजनीति में करीब 60 वर्ष बिताए हैं और इस दौरान प्रदेश के कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बाद में पार्टी में आए हैं, लेकिन उनके अनुभव को लेकर उनसे सलाह-मशविरा नहीं किया जाता। ऐसे में भाजपा नेतृत्व को अपने विचारों से अवगत कराना उनका दायित्व है।
कांग्रेस में वापसी की अटकलों पर उन्होंने कहा कि उन्होंने यह नहीं कहा है कि वह कांग्रेस या भाजपा में अप्रासंगिक हो गए हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टियां बदलती रहती हैं। वह पहले कांग्रेस में थे, फिर ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद अकाली दल में गए और बाद में कांग्रेस में लौटे। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका मतलब यह नहीं है कि अब वह भाजपा छोड़कर किसी अन्य पार्टी में जा रहे हैं।
84 वर्षीय कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपनी उम्र को लेकर पूछे गए सवाल पर पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि वह 84 वर्ष के हैं, लेकिन अभी बूढ़े नहीं हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह फिलहाल मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं, हालांकि इसकी वजह स्पष्ट नहीं की। ये टिप्पणियां 25 सितंबर को पूर्व क्रिकेटर बिशन सिंह बेदी पर आधारित पुस्तक ‘Bishan with Love’ के विमोचन के दौरान की गईं।