देवभूमि न्यूज 24
लुधियाना : ढाई साल की बच्ची को जिंदा दफनाने के मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने दोषी पड़ोसन की फांसी की सजा को उम्रकैद में बदल दिया है। अदालत के आदेश के अनुसार दोषी को 30 वर्ष तक जेल में रहना होगा और इस अवधि में उसे किसी तरह की छूट नहीं मिलेगी। करीब दो वर्ष पहले लुधियाना की सेशन कोर्ट ने उसे फांसी की सजा सुनाई थी।
मामला 28 नवंबर 2021 का है। अभियोजन के अनुसार पड़ोसन बच्ची के पिता द्वारा अपने बच्चों के लिए लाए जाने वाले खिलौनों और अन्य सामान से कथित तौर पर नाराज रहती थी। उसके बच्चे भी ऐसी चीजों की मांग करते थे, जिन्हें वह पूरा नहीं कर पाती थी। इसी रंजिश के चलते उसने बच्ची को निशाना बनाया।
आरोप है कि महिला बच्ची को एक्टिवा पर बैठाकर एल्डिको के पास एक सुनसान स्थान पर ले गई, जहां उसने पहले से गड्ढा खोद रखा था। पुलिस जांच के दौरान सामने आए CCTV फुटेज में महिला बच्ची को अपने साथ ले जाती दिखाई दी। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बच्ची को बरामद किया।
सेशन कोर्ट द्वारा फांसी की सजा सुनाए जाने के बाद दोषी ने अदालत से रहम की गुहार लगाई थी। हाईकोर्ट में अपील पर सुनवाई के बाद अब फांसी की सजा को 30 वर्ष की कठोर अवधि वाली उम्रकैद में बदल दिया गया है। बच्ची के परिवार की ओर से मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस किए जाने की बात कही गई है।
ढाई साल की बच्ची को जिंदा दफनाने वाली पड़ोसन की फांसी की सजा उम्रकैद में बदली








