राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की चार्जशीट में 25 पुलिसकर्मी बने गवाह

Share this post

देवभूमि न्यूज 24

अयोध्या : राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच पूरी होने के बाद दाखिल चार्जशीट में पुलिस ने 25 पुलिसकर्मियों को गवाह बनाया है। इनमें 13 कांस्टेबल, नौ उपनिरीक्षक, दो इंस्पेक्टर और विवेचक सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी शामिल हैं। इन पुलिसकर्मियों की गवाही मामले की जांच और जुटाए गए साक्ष्यों को अदालत में साबित करने में महत्वपूर्ण होगी।

पुलिसकर्मियों की गवाही में घटना की सूचना मिलने से लेकर आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी, पूछताछ, बरामदगी, साक्ष्य संकलन और विवेचना से जुड़े दस्तावेजों की जानकारी सामने आ सकती है। जांच के दौरान CCTV फुटेज के अलावा इलेक्ट्रॉनिक और अन्य साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।

गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों से अदालत में उनकी भूमिका को लेकर सवाल-जवाब किए जाएंगे। वहीं, विवेचक सीओ आशुतोष तिवारी की गवाही भी अहम मानी जा रही है। उनसे जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों, आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों के आधार और चार्जशीट तैयार करने की प्रक्रिया से जुड़े सवाल पूछे जा सकते हैं।

बचाव पक्ष की ओर से पुलिस की विवेचना, साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया तथा गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई को लेकर जिरह किए जाने की संभावना है। अब अदालत में गवाहों के बयान और बचाव पक्ष की जिरह के दौरान मामले से जुड़े साक्ष्यों की जांच होगी।