कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24
शिलाई : सिरमौर जिला के राजकीय महाविद्यालय शिलाई के इतिहास विभाग द्वारा “पश्चिमी हिमालय की धरोहर : लिपियाँ व पाण्डुलिपियाँ” विषय पर एक विशेष व्याख्यान का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. गोपाल भारद्वाज के मार्गदर्शन तथा इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो. रविन्द्र शर्मा के नेतृत्व में किया गया। व्याख्यान का उद्देश्य विद्यार्थियों को पश्चिमी हिमालय की समृद्ध ज्ञान-परम्परा, प्राचीन लिपियों, पाण्डुलिपियों तथा स्थानीय ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित करवाना था।
कार्यक्रम में प्रो. ओम प्रकाश शर्मा, वरिष्ठ विद्वान एवं संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार से संबद्ध टैगोर फेलो, भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान, शिमला, ने मुख्य वक्ता के रूप में व्याख्यान दिया। प्रो. शर्मा हिमाचल प्रदेश की भाषा, साहित्य, लोकपरम्पराओं, संस्कृति, इतिहास तथा पाण्डुलिपि परम्परा के गहन अध्येता हैं और हिमालयी सांस्कृतिक विरासत पर दीर्घकाल से शोध एवं लेखन करते रहे हैं। उन्होंने हिमाचल की मौखिक एवं लिखित परम्पराओं को दस्तावेजीकृत करने तथा पाण्डुलिपियों के संरक्षण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किया है।
कार्यक्रम का मंच संचालन एवं स्वागत भाषण इतिहास विभाग के प्रो. यशपाल शर्मा द्वारा किया गया। अपने स्वागत वक्तव्य में उन्होंने विद्यार्थियों के लिए विषय की प्रासंगिकता को रेखांकित करते हुए कहा कि हिमालय केवल प्राकृतिक सौन्दर्य का क्षेत्र नहीं, बल्कि प्राचीन ज्ञान, भाषा, लिपि, साहित्य और सांस्कृतिक परम्पराओं का भी महत्वपूर्ण केन्द्र रहा है।
अपने विस्तृत एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान का आरम्भ प्रो. ओम प्रकाश शर्मा ने भारतीय ज्ञान परम्परा से किया। उन्होंने पृथ्वी एवं मानव की उत्पत्ति से संबंधित भारतीय चिंतन, मनुष्य के विकास, वाणी एवं भाषा की उत्पत्ति तथा लिपि के विकास पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय सभ्यता में ज्ञान को सुरक्षित रखने की परम्परा अत्यन्त प्राचीन रही है और मौखिक परम्परा के साथ-साथ विभिन्न लिपियों एवं पाण्डुलिपियों ने इस ज्ञान को पीढ़ी-दर-पीढ़ी संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इसके पश्चात उन्होंने पश्चिमी हिमालय में विकसित विभिन्न लिपियों, लेखन-परम्पराओं और पाण्डुलिपियों पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को यह समझाने का प्रयास किया कि किसी क्षेत्र की लिपि और पाण्डुलिपियाँ उसके सामाजिक, धार्मिक, बौद्धिक एवं सांस्कृतिक इतिहास को समझने के महत्वपूर्ण स्रोत होती हैं। उन्होंने पाण्डुलिपियों को केवल पुराने दस्तावेज न मानकर हिमालयी समाज की स्मृति, ज्ञान और सांस्कृतिक पहचान का जीवंत अभिलेख बताया।
व्याख्यान का एक विशेष आकर्षण सिरमौर के शिलाई क्षेत्र से संबंधित स्थानीय ज्ञान-परम्पराओं का उल्लेख रहा। प्रो. शर्मा ने स्थानीय खरखांह गाँव में प्रचलित ‘सांचे विद्या’ को व्यापक हिमालयी ज्ञान-परम्परा के संदर्भ में रखते हुए इसे कश्मीरी ज्ञान एवं विद्वत् परम्परा से जोड़कर समझाया। उन्होंने इस संदर्भ में पश्चिमी हिमालय के विभिन्न क्षेत्रों के बीच ज्ञान, विचार एवं सांस्कृतिक परम्पराओं के आदान-प्रदान की सम्भावनाओं पर भी प्रकाश डाला। इससे विद्यार्थियों को यह समझने का अवसर मिला कि शिलाई और सिरमौर जैसे स्थानीय क्षेत्रों का इतिहास व्यापक हिमालयी सांस्कृतिक परिदृश्य से किस प्रकार जुड़ा हुआ है।
प्रो. शर्मा ने भारतीय खगोल-विज्ञान तथा पारम्परिक ज्ञान-परम्परा का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय समाज में आकाशीय पिंडों, समय-गणना, प्रकृति और मानव जीवन के पारस्परिक संबंधों से संबंधित ज्ञान की समृद्ध परम्परा रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्थानीय इतिहास के अध्ययन में मौखिक परम्पराओं, पाण्डुलिपियों, लोकस्मृतियों और अन्य प्राथमिक स्रोतों के महत्त्व को समझने के लिए प्रेरित किया।
व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों ने विषय से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे और मुख्य वक्ता के साथ सार्थक एवं संवादात्मक चर्चा की। इस संवादात्मक स्वरूप ने विद्यार्थियों की विशेष रूप से क्षेत्रीय इतिहास, स्थानीय ज्ञान-परम्पराओं और हिमालयी सांस्कृतिक विरासत के प्रति रुचि को बढ़ाया। विद्यार्थियों को यह संदेश मिला कि स्थानीय इतिहास का अध्ययन केवल पुस्तकों तक सीमित न रहकर गाँवों, लोकपरम्पराओं, पुरानी पाण्डुलिपियों, शिलालेखों, मौखिक स्मृतियों तथा स्थानीय ज्ञान-स्रोतों के माध्यम से भी किया जा सकता है।
इस अवसर पर कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. गोपाल भारद्वाज ने अपने संबोधन में मुख्य वक्ता प्रो. ओम प्रकाश शर्मा के व्यापक अनुभव एवं शोध-कार्य का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को उनके दीर्घकालीन अध्ययन, शोध एवं पाण्डुलिपियों के क्षेत्र में अर्जित अनुभवों से सीख लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे विद्वानों के साथ संवाद विद्यार्थियों को अपनी स्थानीय एवं क्षेत्रीय विरासत को नए दृष्टिकोण से समझने का अवसर प्रदान करता है।
कार्यक्रम के अंत में इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो. रविन्द्र शर्मा ने मुख्य वक्ता, प्राचार्य, महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों तथा विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के विशेष व्याख्यान विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम से आगे बढ़कर इतिहास के स्रोतों, स्थानीय विरासत और शोध की सम्भावनाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समग्र रूप से यह विशेष व्याख्यान पश्चिमी हिमालय की लिपियों, पाण्डुलिपियों, स्थानीय ज्ञान-परम्पराओं और सांस्कृतिक विरासत को समझने की दिशा में एक सार्थक एवं ज्ञानवर्धक पहल रहा। इससे विद्यार्थियों में अपने क्षेत्र के इतिहास एवं सांस्कृतिक धरोहर के प्रति जिज्ञासा, जागरूकता और शोधात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायता मिली।








