यशपाल कपूर,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24
सोलन : सेंट ल्यूक्स वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सोलन के लिए यह हर्ष और गौरव का अवसर है कि विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती मंजू शर्मा की कविता का चयन राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, नई दिल्ली द्वारा हिंदी माह-2026 के अंतर्गत आयोजित शिक्षक कवि सम्मेलन के लिए किया गया।
‘डिजिटल शिक्षा में राजभाषा हिंदी एवं साहित्य’ विषय पर आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला के अंतर्गत 25 और 26 सितंबर, 2026 को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद परिसर में शिक्षक कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। देशभर से चयनित शिक्षक-कवियों को इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंच पर अपनी मौलिक रचनाओं का काव्य पाठ करने का अवसर मिला।
हिमाचल प्रदेश से केवल दो शिक्षक-कवियों की कविताओं का चयन इस राष्ट्रीय आयोजन के लिए किया गया, जिनमें सेंट ल्यूक्स वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सोलन की शिक्षिका श्रीमती मंजू शर्मा भी शामिल रहीं। निर्णायक मंडल द्वारा उनकी कविता का चयन किए जाने और राष्ट्रीय मंच पर काव्य पाठ का अवसर मिलने से विद्यालय परिवार सहित पूरे सोलन क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
नई दिल्ली स्थित चाचा नेहरू भवन, राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रीमती मंजू शर्मा ने अपनी चयनित कविता का काव्य पाठ किया। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार के साथ-साथ क्षेत्र के साहित्यप्रेमियों ने भी प्रसन्नता व्यक्त की है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या, प्रबंधन और समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने श्रीमती मंजू शर्मा को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि उनकी यह उपलब्धि विद्यार्थियों और शिक्षकों को हिंदी भाषा, साहित्य तथा सृजनात्मक अभिव्यक्ति के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
श्रीमती मंजू शर्मा की यह उपलब्धि सेंट ल्यूक्स विद्यालय के साथ-साथ सोलन और पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।








