शिशु विद्या निकेतन स्कूल कफोटा के तरुण ठाकुर का राज्यस्तरीय अंडर-14 प्रतियोगिता के लिए चयन

Share this post

बैडमिंटन और वॉलीबॉल में दिखाएंगे प्रतिभा, दूसरी बार हुआ राज्य स्तर पर चयन

कफोटा/शिलाई ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24

जिला स्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता में शिशु विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल कफोटा के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शिवपुर में किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के चार विद्यार्थियों तरुण ठाकुर, सक्षम ठाकुर, निशांत चौहान और दक्ष ठाकुर ने वॉलीबॉल, कबड्डी तथा खो-खो सहित विभिन्न खेलों में प्रतिभाग किया।


प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय के होनहार खिलाड़ी तरुण ठाकुर का राज्यस्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। खास बात यह है कि तरुण ठाकुर का राज्य स्तर के लिए यह दूसरी बार चयन है। वह बैडमिंटन और वॉलीबॉल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उनके चयन से विद्यालय परिवार, अभिभावकों और कफोटा क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि तरुण ठाकुर अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाएंगे।
शिशु विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल कफोटा में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का सिलसिला पहले से जारी है। इससे पूर्व विद्यालय की पासआउट छात्रा निकिता शर्मा ने 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया था। वहीं विद्यालय की छात्रा हंसिका चौहान ने राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लिया। विद्यालय के कई विद्यार्थियों का चयन मटियाना, बिलासपुर सहित विभिन्न खेल छात्रावासों में भी हुआ है।


तरुण ठाकुर के राज्यस्तरीय चयन पर विद्यालय की प्रधानाचार्या बीना चौहान, स्कूल प्रबंधक सुरजन कपूर (सेवानिवृत्त अध्यापक), मुकुल पुंडीर (डीपी), तपेंद्र कपूर, स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष दीपचंद धीमान सहित समस्त शिक्षकों ने खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को निखारने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए विद्यालय की ओर से निरंतर प्रोत्साहन दिया जाता रहेगा। तरुण ठाकुर के चयन से विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है।