देवभूमि न्यूज 24
ब्यूरो,शिमला
शिमला : हिमाचल प्रदेश में बीपीएल परिवारों के चयन को लेकर लंबे समय से बने संशय पर प्रदेश सरकार ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। ग्रामीण विकास विभाग ने आधिकारिक दिशा-निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि परिवार पहचान अभियान के आधार पर न तो किसी नए परिवार को बीपीएल सूची में शामिल किया जाएगा और न ही मौजूदा सूची में दर्ज किसी परिवार का नाम हटाया जाएगा।
विभाग के अनुसार 19 मार्च 2025 से प्रदेशभर में संचालित परिवार पहचान प्रक्रिया और बीपीएल सूची निर्धारण दो अलग-अलग एवं स्वतंत्र व्यवस्थाएं हैं। भविष्य में किसी परिवार को बीपीएल सूची में शामिल करने अथवा अपात्र पाए जाने पर सूची से बाहर करने की प्रक्रिया पूर्व निर्धारित विभागीय नियमों और ग्राम सभा की सिफारिशों के आधार पर ही होगी।
परिवार पहचान में नाम दर्ज होना बीपीएल पात्रता का आधार नहीं
विभाग ने स्पष्ट किया है कि परिवार पहचान अभियान के डेटा अथवा उसमें किसी परिवार का नाम दर्ज होने को बीपीएल पात्रता का औपचारिक आधार या प्रमाण नहीं माना जाएगा। इस प्रक्रिया के कारण वर्तमान बीपीएल परिवारों की स्थिति में भी कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
परिवार पहचान प्रक्रिया के विभिन्न चरणों में चिह्नित परिवारों को प्रदेश सरकार की ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ से जोड़ने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। हालांकि, अभियान में नाम दर्ज होना योजना के लाभ की स्वत: गारंटी नहीं होगा।
सत्यापन के बाद ही मिलेगा योजना का लाभ
संबंधित प्रशासनिक तंत्र द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार धरातल पर परिवारों का सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन में पात्र पाए जाने वाले परिवारों का विवरण ही लाभार्थी डेटाबेस में दर्ज किया जाएगा। इसके बाद सरकार द्वारा निर्धारित शर्तों के अनुसार योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा।
ग्रामीण विकास विभाग के 11 सितंबर 2026 के निर्देशों के अनुसार पहले से आठवें चरण तक चिह्नित परिवारों तथा 21 अगस्त 2026 के दिशा-निर्देशों के तहत अंतिम चरण में पात्र पाए गए परिवारों को योजना के दायरे में लाने की तैयारी है।
अधिकारियों को दिए कड़ाई से अनुपालन के निर्देश
विभाग ने मैदानी और प्रशासनिक स्तर पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि परिवार पहचान प्रक्रिया को किसी भी स्तर पर बीपीएल चयन अथवा बीपीएल सूची के पुनरीक्षण के रूप में प्रस्तुत न किया जाए। साथ ही सरकार के इस नीतिगत निर्णय की जानकारी निचले स्तर तक पहुंचाने और जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।








