वित्तीय साक्षरता शिविर में ग्रामीणों को बैंकिंग योजनाओं की दी जानकारी

Share this post

नारग-टिंबी में नाबार्ड के सौजन्य से जागरूकता कार्यक्रम, साइबर ठगी से बचाव के लिए किया सचेत

कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24

सिरमौर : नाबार्ड के सौजन्य से हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के वित्तीय साक्षरता केंद्र की ओर से ग्राम पंचायत मुबारकपुर-माजरा, सराहा, मारीघाट के नारग और टिंबी में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किए गए। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, सरकारी योजनाओं और वित्तीय लेन-देन में बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया।
वित्तीय साक्षरता समन्वयक बलबीर सिंह ने ग्रामीणों को नाबार्ड तथा बैंकों की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना सहित अन्य बैंकिंग योजनाओं के लाभ और उपयोगिता के बारे में बताया।


शिविर में किसान वर्ग को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के उचित इस्तेमाल तथा इससे मिलने वाली बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। ग्रामीणों को वित्तीय लेन-देन के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई।
इस दौरान ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों को विशेष रूप से सतर्क किया गया। उन्हें किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को वित्तीय रूप से जागरूक बनाकर बैंकिंग सेवाओं और सरकारी योजनाओं का सुरक्षित एवं बेहतर लाभ उठाने के लिए सक्षम बनाना रहा।