*देवभूमि न्यूज 24*
वाराणसी परमधर्माधीश ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामीश्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज छत्तीसगढ़ में चातुर्मास्य व्रत अनुष्ठान पूर्ण करने के बाद बुधवार सायं काशी पहुंचे। काशी आगमन पर संतों, भक्तों एवं काशीवासियों ने ब्रह्मचारी परमात्मानंद जी की अगुवाई में शहनाई, ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
श्रीविद्यामठ पहुंचने पर कमला प्रसाद मिश्रा एवं प्रेमलता मिश्रा ने शंकराचार्य जी की चरण पादुकाओं का पूजन कर आरती उतारी। आगमन मार्ग पर बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने शंकराचार्य जी के दर्शन कर उनका वंदन किया तथा आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्रीविद्यामठ में मीडिया से बातचीत के दौरान शंकराचार्य जी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में चातुर्मास्य व्रत पूर्ण करने के बाद वे काशी आए हैं। उन्होंने कहा कि अब गौमाता के प्राणों की रक्षा तथा उन्हें राष्ट्रमाता घोषित किए जाने की मांग को और मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उन्हें अभी भी उम्मीद है कि सत्ता गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित कर उनके प्राणों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाएगी। ऐसा नहीं होने पर विपक्ष से भी इस मुद्दे को आगे बढ़ाने का आग्रह किया जाएगा।
शंकराचार्य जी ने कहा कि सनातनियों को जागृत कर गौमाता के पक्ष में जनसमर्थन को मजबूत किया जाएगा, ताकि राजनीतिक दल गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने और उनकी रक्षा के लिए गंभीर कदम उठाने को बाध्य हों। इसके बाद भी राजनीतिक दल इस विषय पर गंभीर नहीं हुए तो अन्य विकल्पों पर विचार किया जाएगा।
अयोध्या राम मंदिर चोरी प्रकरण को लेकर मुख्यमंत्री द्वारा कथित रूप से दिए गए बयान के संबंध में पूछे गए सवाल पर शंकराचार्य जी ने आरोप लगाया कि प्रकरण में मुख्य लोगों को बचाकर कुछ लोगों को बलि का बकरा बनाया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री के बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जब बड़ी संख्या में गायों की मौत हुई है तो ‘दूध का दूध और पानी का पानी’ करने के लिए दूध और पानी कहां से आएगा। उन्होंने इस मुद्दे पर सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।
शंकराचार्य जी महाराज के मीडिया प्रभारी संजय पाण्डेय ने बताया कि शंकराचार्य जी नवरात्रि पर्यंत काशी में विराजेंगे। इस दौरान विभिन्न आध्यात्मिक अनुष्ठान एवं मांगलिक आयोजन संपन्न किए जाएंगे।
इस अवसर पर साध्वी पूर्णांबा दीदी, साध्वी शारदांबा दीदी, अनुसूया प्रसाद उनियाल, रवि त्रिवेदी, हजारी कीर्ति शुक्ला, श्रीप्रकाश पाण्डेय, वैभव त्रिपाठी, पं. सदानंद तिवारी, दिनेश मिश्रा, अभय शंकर तिवारी, सौरभ हजारी शुक्ला, लता पाण्डेय, माधुरी पाण्डेय, उर्मिला शुक्ला, रिंकी सिंह, सुनीता जायसवाल सहित बड़ी संख्या में संत, श्रद्धालु एवं काशीवासी उपस्थित रहे।
देश विदेश की खबरों को पढ़ते रहिए देवभूमि न्यूज 24








