किशाऊ बांध: पुनर्वास नीति के इंतजार में प्रभावित, डूब में जाएगी 2950 हेक्टेयर भूमि

Share this post

हिमाचल की 1498 और उत्तराखंड की 1452 हेक्टेयर भूमि होगी जलमग्न, हजारों लोगों के विस्थापन की चिंता
कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24
शिलाई : प्रस्तावित बहुद्देश्यीय राष्ट्रीय किशाऊ बांध परियोजना को लेकर प्रभावित ग्रामीणों की चिंता बढ़ने लगी है। परियोजना के निर्माण से हिमाचल प्रदेश की करीब 1498 हेक्टेयर और उत्तराखंड की करीब 1452 हेक्टेयर भूमि जलमग्न होने की बात सामने आई है। परियोजना से पूर्ण और आंशिक रूप से प्रभावित होने वाले ग्रामीणों के विस्थापन तथा विस्थापन के बाद पुनर्स्थापन की नीति अभी तय नहीं हुई है। ऐसे में प्रभावित परिवारों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि पुनर्वास नीति कब बनेगी और उन्हें समय पर कहां बसाया जाएगा?
प्रभावित ग्रामीणों को आशंका है कि यदि पुनर्वास की स्पष्ट नीति समय रहते तैयार नहीं हुई तो जमीन और घर छोड़ने के बाद उन्हें वर्षों तक पुनर्वास के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ सकते हैं। ग्रामीण भाखड़ा बांध विस्थापितों के अनुभवों का हवाला देते हुए समयबद्ध और स्पष्ट पुनर्वास व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।
परियोजना की जद में हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले की शिलाई तहसील, शिमला जिले की नेरवा तहसील तथा उत्तराखंड की चकराता और त्यूणी तहसील के ग्रामीण क्षेत्र आ रहे हैं। किशाऊ कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा जारी सूची के अनुसार हिमाचल के तीन और उत्तराखंड के तीन गांव पूरी तरह जलमग्न होंगे। इसके अलावा दोनों राज्यों के कई अन्य गांवों की कृषि भूमि, जंगल, घासनियां और चरागाह भी परियोजना से प्रभावित होंगे।
सूची के अनुसार सिरमौर की शिलाई तहसील के मोहराड़, मश्वाड़ और सियासू गांव पूरी तरह जलमग्न होने वाले क्षेत्रों में शामिल हैं। उत्तराखंड के शम्भर-मेलोथ, मजगांव तथा कोटा-कुंवानु गांव भी पूर्ण रूप से प्रभावित होंगे। इसके अतिरिक्त शिलाई तहसील के कुसेनु, कंडारा, चाकरी, डूडोग, नेरा, बागना, धारवा और जामली तथा शिमला जिले के गुम्मा, रोहाणा और क्यारला के ग्रामीणों की भूमि भी परियोजना से प्रभावित होगी। उत्तराखंड के बायला, आसोई, बुराईला, अणू, अटाल और चांजोई गांवों की भूमि भी बांध की जद में आएगी।
हजारों लोग होंगे प्रभावित
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार उत्तराखंड क्षेत्र में प्रभावित आबादी 5478 तथा प्रभावित परिवारों की संख्या 714 बताई गई है। शिलाई तहसील में 3337 लोग और 606 परिवार, जबकि शिमला जिले की नेरवा तहसील में 469 लोग और 101 परिवार प्रभावित होंगे। अधिकारियों के अनुसार ये आंकड़े वर्ष 2011 की जनगणना पर आधारित हैं, इसलिए वर्तमान में प्रभावित आबादी और परिवारों की संख्या इससे अधिक हो सकती है।
परियोजना से उत्तराखंड में करीब 425.96 हेक्टेयर, शिलाई तहसील में 488.91 हेक्टेयर तथा नेरवा तहसील में 52.87 हेक्टेयर कृषि भूमि जलमग्न होने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा दोनों राज्यों की बड़ी मात्रा में घासनियां, पशुचरागाह, वन, जंगल-झाड़ी और अन्य भूमि भी जलाशय क्षेत्र में आएगी।
पुनर्वास नीति का इंतजार
प्रभावित ग्रामीणों के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती पुनर्वास और पुनर्स्थापन की है। ग्रामीणों का कहना है कि जमीन और घर खोने के बाद उन्हें किस स्थान पर और किस नीति के तहत बसाया जाएगा, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। उनका कहना है कि पुनर्वास केवल मुआवजे तक सीमित न रहकर प्रभावित परिवारों के भविष्य, आजीविका और सामाजिक पुनर्स्थापन को ध्यान में रखते हुए होना चाहिए।
उत्तराखंड जल विद्युत निगम के जीएम इंद्र मोहन कार्शी के अनुसार प्रभावित जनसंख्या और परिवारों के आंकड़े वर्ष 2011 की जनगणना पर आधारित हैं और वर्तमान में इनमें वृद्धि हुई होगी। उन्होंने बताया कि विस्थापितों के पुनर्वास के लिए सरकार नीति बनाएगी। फिलहाल परियोजना का एमओयू साइन हो चुका है और सरकार के आदेशों के अनुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अब प्रभावित ग्रामीणों की निगाहें सरकार की प्रस्तावित पुनर्वास नीति पर टिकी हैं। उनका कहना है कि बांध निर्माण से पहले विस्थापन, मुआवजा, पुनर्वास, आजीविका और नए स्थान पर बसाने की स्पष्ट समयबद्ध व्यवस्था सार्वजनिक की जानी चाहिए, ताकि प्रभावित परिवारों के भविष्य को लेकर बनी अनिश्चितता दूर हो सके।

आध्यात्मिक चिंतन से जीवन संवारने वाले लेख तथा गांव से लेकर देश विदेश की खबरों को पढ़ते रहिए
देवभूमि न्यूज 24