शांता कुमार ने की जम्मू-कश्मीर को शीघ्र पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग

Share this post


देवभूमि न्यूज 24
हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने जम्मू-कश्मीर को शीघ्र पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर विधानसभा में इस संबंध में प्रस्ताव पारित कर भारत सरकार से पूर्ण राज्य का दर्जा देने का आग्रह किया गया है। विधानसभा में इस मुद्दे पर लंबी बहस हुई और भारतीय जनता पार्टी को छोड़कर अन्य दलों ने प्रस्ताव का समर्थन किया।
शांता कुमार ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में वर्षों तक अनुच्छेद 370 लागू रहा, जिसे भारत की एकता के लिए देश के माथे पर कलंक माना जाता था। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में अनुच्छेद 370 समाप्त करने के लिए बड़ा आंदोलन हुआ था। वर्ष 1953 के सत्याग्रह का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय वे 19 वर्ष के थे और करीब आठ महीने जेल में रहे थे। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान हुआ, लेकिन उस समय अनुच्छेद 370 समाप्त नहीं हो सका। बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसे समाप्त किया गया।
उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव हुए और जनता ने शांतिपूर्ण ढंग से मतदान में भाग लिया। आज जम्मू-कश्मीर भी भारत का अभिन्न हिस्सा है और वहां लोकतांत्रिक प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
शांता कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार के नेता कई बार यह स्पष्ट कर चुके हैं कि परिस्थितियां अनुकूल होने पर जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट ने भी अपने एक फैसले में इस संबंध में टिप्पणी की थी। ऐसे में उनका मानना है कि वर्तमान परिस्थितियों में जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा देने में अब और विलंब नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि करोड़ों भारतीयों की इच्छा है कि अनुच्छेद 370 समाप्त होने और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न होने के बाद जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य के अधिकार से वंचित न रखा जाए। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला का भी उल्लेख करते हुए कहा कि वे कई अवसरों पर भारत के पक्ष में अपने विचार व्यक्त करते रहे हैं और अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों की तरह केंद्र के साथ बेहतर संबंधों के इच्छुक हैं।
शांता कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विशेष आग्रह करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर को शीघ्र पूर्ण राज्य का दर्जा दिया जाना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रधानमंत्री स्वयं जम्मू-कश्मीर जाकर एक बड़े ऐतिहासिक कार्यक्रम में पूर्ण राज्य का दर्जा देने की घोषणा करें।

जीवन-दर्शन और अध्यात्म से लेकर राजनीति,खेल,सिनेमा और गांव की चौपाल से लेकर देश-दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों के लिए पढ़ते रहिए”देवभूमि न्यूज 24″खबर, समस्याएं हम तक पहुंचाने अथवा विज्ञापन के लिए व्हाट्सएप करे:9816216579