वरिष्ठजनों के अनुभव और युवाओं की ऊर्जा से बनेगा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज: धनी राम शांडिल

Share this post

अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर गेयटी थियेटर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित

देवभूमि न्यूज 24
शिमला

अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर आज गेयटी थियेटर शिमला में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं सामाजिक न्याय मंत्री डॉ. कर्नल धनी राम शांडिल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. शांडिल ने कहा कि इस वर्ष की थीम “दीर्घायु का युग: वृद्धावस्था के लिए प्रणालियों पर पुनर्विचार” है, जिसका उद्देश्य वृद्धजनों को केवल देखभाल ही नहीं, बल्कि समाज में सक्रिय और सम्मानजनक योगदान के अवसर देना है।

12 वृद्धाश्रम, 22 डे-केयर सेंटर और 5 सुविधा केंद्र संचालित

मंत्री ने बताया कि प्रदेश में बेसहारा वृद्धजनों के लिए 12 वृद्धाश्रम, 22 डे-केयर सेंटर और 5 वरिष्ठ नागरिक सुविधा केंद्र चलाए जा रहे हैं, जहां आवास, भोजन, चिकित्सा और मनोरंजन की सुविधाएं दी जा रही हैं।

प्रदेश में 60 वर्ष से अधिक आयु के लगभग 6.62 लाख वरिष्ठ नागरिकों को बिना आय सीमा के सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है, जिस पर सालाना करीब 1,400 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं। पिछले साढ़े तीन वर्षों में 99,779 नए बुजुर्गों को पेंशन से जोड़ा गया है। वृद्धजनों के अधिकारों के लिए माता-पिता भरण-पोषण अधिनियम लागू है और शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर 14567 उपलब्ध है।

स्वास्थ्य और नशामुक्ति पर विशेष जोर

डॉ. शांडिल ने कहा कि विभाग वरिष्ठजनों के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच, निःशुल्क इलाज और डिमेंशिया जागरूकता शिविर चला रहा है। अकेलेपन को दूर करने के लिए युवाओं और बुजुर्गों के बीच अंतर-पीढ़ीगत संवाद को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, पूरे परिवार को बर्बाद करता है। बच्चों को छोटी उम्र से ही सितार, तबला, खेलकूद, विज्ञान, कला, पर्वतारोहण जैसी रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना चाहिए ताकि वे नशे से दूर रहें।

तकनीक का सदुपयोग और साइबर सुरक्षा जरूरी

मंत्री ने कहा कि मोबाइल-इंटरनेट ने सुविधा तो दी है, लेकिन साइबर ठगी से बुजुर्गों को सावधान रहना होगा। युवा पीढ़ी बुजुर्गों को तकनीक का सुरक्षित उपयोग सिखाने में अहम भूमिका निभा सकती है।

निदेशक ईसोमसा सुमित खिमटा ने स्वागत भाषण दिया और अतिरिक्त निदेशक डॉ. भावना ने समापन भाषण दिया। कार्यक्रम में जयश्वरी कला मंच, स्वयं सहायता समूह चौपाल, कोटशेरा कॉलेज और हेल्पएज इंडिया ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। Walkathon का भी आयोजन हुआ और स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाए गए।

इन्हें किया सम्मानित: उत्तम सिंह कश्यप, गोविंद राम भारद्वाज, ब्रजेंद्र सिंह पंवार, आस्था वेलफेयर नाहन, सरदार त्रिलोक नाथ सिंह, मेहर चंद शुक्ला, खंड वृद्धजन फेडरेशन, आदर्श स्वयं सहायता समूह, बुशहर विकलांग स्वयं सहायता समूह सहित कई संस्थाओं को समाज में बेहतरीन कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

राजनीति, समाज, गांव से लेकर देश-दुनिया की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए – देवभूमि न्यूज 24 | खबर/विज्ञापन व पत्रकार बनने हेतु व्हाट्सएप करें: 9816216579