133 इको टास्क फोर्स ने संभाला स्वच्छता अभियान का नेतृत्व, राष्ट्रपति निवास मशोबरा की ऐतिहासिक बावड़ी का किया पुनरुद्धार

Share this post

देवभूमि न्यूज 24 – शिमला

मशोबरा, 02 अक्टूबर 2026: गांधी जयंती एवं स्वच्छ भारत दिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा’ के अंतर्गत 133 इको टास्क फोर्स (डोगरा), कुफरी द्वारा ऐतिहासिक बावड़ी के पुनरुद्धार पर विशेष बल दिया गया।

फोर्स ने राष्ट्रपति निवास परिसर, मशोबरा स्थित ऐतिहासिक बावड़ी, कुफरी हेरिटेज पॉण्ड तथा कुफरी पर्यटक बाजार में व्यापक स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाया। अभियान का प्रमुख आकर्षण बावड़ी के पुनरुद्धार हेतु किया गया विशेष श्रमदान रहा, जिसका उद्देश्य पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण और ऐतिहासिक धरोहर को सहेजना था।

सामूहिक सहभागिता बनी मिसाल:
अभियान में 133 इको टास्क फोर्स के जवानों के साथ राष्ट्रपति निवास के कर्मचारी, वेस्ट वॉरियर्स NGO, सतलुज जल विद्युत निगम (SJVN), ग्राम पंचायत कुफरी, स्थानीय दुकानदारों तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कुफरी के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और जल स्रोतों की सफाई कर कचरे को जैविक, रिसाइकल योग्य एवं प्लास्टिक में पृथक कर निस्तारण हेतु सौंपा गया।

शैक्षणिक संस्थानों में भी जागरूकता:

  • 30 सितंबर – रा. उच्च विद्यालय शकरा: 07 जवान, 06 शिक्षक एवं 25 विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर व संपर्क मार्गों की सफाई की।
  • 01 अक्टूबर – रा. उच्च विद्यालय किंडर: 01 JCO, 10 जवान, 02 शिक्षक एवं 30 विद्यार्थियों ने स्कूल परिसर व समीपवर्ती तालाब की सफाई की।

बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। सभी ने कूड़ा न फैलाने, सिंगल यूज प्लास्टिक कम करने और स्वच्छता की शपथ ली।

133 इको टास्क फोर्स की यह पहल स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ हिमाचल प्रदेश के निर्माण की दिशा में सार्थक प्रयास है।

हिमाचल की हर खबर के लिए – देवभूमि न्यूज 24 | व्हाट्सएप: 9816216579