कब आती है मातृ नवमी? क्यों जरूरी है दिवंगत माताओं का श्राद्ध? जानें विधि और महत्व

Share this post

देवभूमि न्यूज 24 – धर्म विशेष

श्राद्धपक्ष 2026: मातृ नवमी पितृ पक्ष की एक अत्यंत पवित्र तिथि है। यह वात्सल्य और ममता की मूरत माताओं के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का पावन दिन है। यह आश्विन माह के कृष्ण पक्ष की नवमी को आती है। इसे ‘नवमी श्राद्ध’ या ‘सौभाग्यवती श्राद्ध’ भी कहा जाता है। इस बार यह तिथि रविवार, 4 अक्टूबर 2026 को आ रही है।

यह तिथि मुख्य रूप से परिवार की दिवंगत माताओं, सास, दादी और अन्य महिलाओं के श्राद्ध के लिए समर्पित है। यदि किसी महिला की मृत्यु तिथि ज्ञात न हो, तो भी इस दिन श्राद्ध करने से उन्हें तृप्ति मिलती है।

मातृ नवमी पर श्राद्ध की सही विधि

1. स्नान और वस्त्र: दिन की शुरुआत स्नान ध्यान के बाद स्वच्छ एवं श्वेत वस्त्र धारण करके करें और मन को श्रद्धा से भरें।

2. तर्पण एवं ध्यान: दोपहर में कुतुप या रोहिणी काल में दक्षिण दिशा की ओर मुख करके बैठें। तिल, जल और दूध के मिश्रण से दिवंगत माताओं का ध्यान करते हुए तर्पण करें।

3. पंचबलि का विधान: भोजन तैयार होने पर सबसे पहले गाय, कुत्ते, कौए, चींटी और देवताओं के लिए अंश निकालें। यह प्रकृति के साथ सामंजस्य का प्रतीक है।

4. सुहागिन व ब्राह्मण भोजन: इस दिन किसी सुहागिन महिला अथवा योग्य ब्राह्मण को आमंत्रित कर भोजन कराएं। भोजन के बाद वस्त्र, कुमकुम, सिंदूर, फल और दक्षिणा देकर आशीर्वाद लें।

इन नियमों का रखें ध्यान:

  • श्राद्ध हमेशा मध्याह्न काल (11:30 से 2:30 के बीच) में ही करें, प्रातः या संध्या काल में वर्जित है।
  • भोजन पूर्णतः सात्विक हो, प्याज-लहसुन का प्रयोग न करें। खीर, पूड़ी, कद्दू की सब्जी और दाल उत्तम है।
  • तर्पण के दौरान मुख दक्षिण दिशा में रखें।
  • घर में क्लेश, क्रोध और नकारात्मक विचारों से दूर रहें।

मातृ नवमी श्राद्ध का महत्व

1. नारी शक्ति का सम्मान: यह पर्व दिवंगत महिलाओं के साथ-साथ घर की जीवंत नारी शक्ति के प्रति आदर का भाव जगाता है।

2. मातृ-ऋण से मुक्ति: सनातन में तीन ऋणों में मातृ-ऋण सबसे गहरा माना गया है। नवमी का श्राद्ध इसी ऋण से मुक्त होने का माध्यम है।

3. आशीर्वाद का सुरक्षा कवच: मान्यता है कि इस दिन किया गया तर्पण परिवार के कष्टों को दूर करता है और आने वाली पीढ़ियों को सुख-समृद्धि देता है।

🚩#हरिऊँ🚩
धर्म-ज्योतिष की हर खबर के लिए – देवभूमि न्यूज 24 | 9816216579