पितृपक्ष विशेष : श्राद्ध में अर्पित सामग्री पितरों तक कैसे पहुंचती है?

Share this post

देवभूमि न्यूज 24 | धर्म-अध्यात्म

“श्रद्धया दीयते यत् तत् श्राद्धम्” अर्थात श्रद्धा से जो दिया जाए वही श्राद्ध है। पितरों के लिए श्रद्धापूर्वक हविष्यान्न, तिल, कुश, जल का दान ही श्राद्ध है।

अक्सर मन में सवाल आता है कि श्राद्ध में दिया गया जल-पिंड तो यहीं रह जाता है, फिर पितरों तक कैसे पहुंचता है?

⭕ स्कंद पुराण में समाधान

एक बार राजा करन्धम ने महायोगी महाकाल से यही प्रश्न पूछा। महाकाल ने बताया कि विश्व नियंता ने ऐसी व्यवस्था की है कि श्राद्ध की सामग्री उसके अनुरूप बनकर पितरों तक पहुंचती है। इसके अधिपति अग्निष्वात आदि दिव्य पितर हैं। देव और पितर योनि ऐसी है कि वे दूर से कही बात सुन लेते हैं, गंध और रस तत्व से तृप्त होते हैं।

जैसे मनुष्य का आहार अन्न है, पशु का तृण है, वैसे पितरों का आहार अन्न का सार तत्व – गंध और रस है। वे सार तत्व ग्रहण करते हैं, स्थूल वस्तु यहीं रह जाती है।

⭕ किस योनि में किस रूप में मिलता है आहार?

नाम-गोत्र के उच्चारण के साथ दिया गया अन्न-जल विश्वेदेव पितरों तक पहुंचाते हैं:

  • देव योनि में – अमृत के रूप में
  • गंधर्व योनि में – भोग के रूप में
  • पशु योनि में – तृण के रूप में
  • नाग योनि में – वायु रूप में
  • यक्ष योनि में – पान रूप में
  • प्रेत योनि में – रुधिर रूप में
  • मनुष्य योनि में – भोगने योग्य तृप्तिकारक पदार्थ के रूप में

जैसे बछड़ा झुंड में अपनी मां को ढूंढ लेता है, वैसे ही मंत्र, नाम-गोत्र और भक्ति के सहारे दिया गया पदार्थ पितरों तक पहुंच ही जाता है, चाहे जीव सैकड़ों योनियां पार कर चुका हो।

⭕ श्रीराम के श्राद्ध का प्रसंग

कहते हैं पुष्कर में जब श्रीराम अपने पिता दशरथ का श्राद्ध कर रहे थे, तो सीता जी ने देखा कि आमंत्रित ब्राह्मणों के शरीर में छाया रूप में पितर सटकर बैठे हैं। मर्यादा के कारण वे ओट में चली गईं। इसलिए श्राद्ध में आमंत्रित ब्राह्मण पितरों के प्रतिनिधि माने जाते हैं।

साभार: ज्योतिषाचार्य शैलेंद्र सिंगला

देवभूमि न्यूज 24 | मेरा गांव मेरा देश | 9816216579
https://devbhuminews24.in/