रोहड़ू-रामपुर को 415 करोड़ की सौगात, गांव के द्वार पहुंची सरकार

Share this post

देवभूमि न्यूज 24

शिमला – हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में विकास की वास्तविक तस्वीर बड़े शहरों से नहीं, उन दूरदराज गांवों से सामने आती है। इसी सोच के साथ मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का 1 से 3 अक्तूबर तक शिमला जिले के रोहड़ू और रामपुर विधानसभा क्षेत्रों का दौरा केवल प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरकार और ग्रामीण समाज के बीच सीधे संवाद का अवसर बना।

मुख्यमंत्री का रोहड़ू और रामपुर क्षेत्र से विशेष भावनात्मक जुड़ाव भी दिखा। उन्होंने भटवाड़ी और काशा-पाट में रात्रि प्रवास किया। वह प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने इन दोनों दुर्गम क्षेत्रों में रात बिताई और ग्रामीणों की समस्याओं को मौके पर ही हल करने के निर्देश दिए।

दोनों क्षेत्रों को बड़ी सौगात

मुख्यमंत्री ने रोहड़ू को 182.87 करोड़ रुपये की 61 और रामपुर को 232.93 करोड़ रुपये की 28 विकास परियोजनाओं की सौगात दी।

रोहड़ू में की गई घोषणाएं

  • पीएम श्री राजकीय आदर्श स्कूल रोहड़ू के नए भवन के लिए 2 करोड़
  • दूध के समर्थन मूल्य में 1 दिसंबर से बढ़ोतरी और MIS के तहत सेब का खरीद मूल्य 12 से बढ़ाकर 13 रुपये प्रति किलो
  • CHC संदासू को सिविल अस्पताल बनाना, समरकोट में सब-तहसील, चिड़गांव में SDM कार्यालय के लिए सर्वे
  • जांगला, चिड़गांव और धमवाड़ी स्कूलों को CBSE में बदलना
  • महिला मंडलों को 5-5 लाख, पेखा-दिऊदी महिला मंडल भवन के लिए 5 लाख, चिंगवाड़ी सड़क के लिए 20 लाख
  • बरशील पुल को वाहन योग्य बनाना और टिक्कर-जरोल-गाहन सड़क के लिए 36 करोड़ स्वीकृत

रामपुर में की गई घोषणाएं

  • तकलेच स्कूल को CBSE के अंतर्गत लाना
  • काशा-पाट में नए स्कूल भवन के लिए 2 करोड़ और खेल मैदान विकसित करना
  • काशा-पाट से तकलेच होते हुए रामपुर तक बस सेवा शुरू करने का प्रयास
  • रचौली स्कूल भवन के लिए 2 करोड़
  • नोगली में 1,471 श्रमिकों को 5.78 करोड़ की वित्तीय सहायता

छात्रों से सीधा संवाद और नशा मुक्त अभियान

मुख्यमंत्री ने रोहड़ू और रामपुर में विद्यार्थियों से शिक्षा, शिक्षकों की उपलब्धता और गैर-शैक्षणिक कार्यों पर सीधा संवाद किया। साथ ही दोनों क्षेत्रों में एंटी चिट्टा रैली में हिस्सा लेकर प्रदेश को चिट्टा मुक्त बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

देवभूमि न्यूज 24 | मेरा गांव मेरा देश
9816216579
https://devbhuminews24.in/