प्रधानमंत्री मोदी से कम से कम एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि देने का आग्रह
देवभूमि न्यूज 24
नई दिल्ली। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान में कथित रूप से हुई गंभीर घटना के दौरान असाधारण साहस का परिचय देने वाले भारतीय पायलट स्मित मच्छर को राष्ट्रीय सम्मान दिए जाने की मांग की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया है कि पायलट को कम से कम एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि देकर सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जाए।
शांता कुमार ने कहा कि विमान में 174 यात्री सवार थे और उड़ान के दौरान को-पायलट द्वारा भारतीय पायलट पर चाकू से हमला किए जाने की स्थिति पैदा हुई। इस घटना के बाद विमान के कुछ नीचे जाने के बावजूद पायलट स्मित मच्छर ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए स्वयं को संभाला तथा विमान को भी नियंत्रण में बनाए रखा। बाद में विमान में मौजूद कुछ लोगों ने हस्तक्षेप कर को-पायलट को काबू में किया।
उन्होंने कहा कि विमान को सुरक्षित संभालना और यात्रियों के जीवन की रक्षा करना अत्यंत चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में किए गए साहसिक कार्य का उदाहरण है। पायलट पर उस समय कितना मानसिक दबाव रहा होगा, इसकी कल्पना की जा सकती है। इसके बावजूद उन्होंने धैर्य नहीं खोया और अपने कर्तव्य का निर्वहन किया।
शांता कुमार के अनुसार, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी भारतीय पायलट के साहस की सराहना की है। उन्होंने कहा कि 174 यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सामान्य उपलब्धि नहीं है और ऐसे साहस को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलनी चाहिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह करते हुए कहा कि भारतीय पायलट स्मित मच्छर को उनकी असाधारण बहादुरी के लिए राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया जाए। साथ ही, उनके सम्मान में कम से कम एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दिए जाने की घोषणा की जाए।
शांता कुमार ने कहा कि संकट की घड़ी में धैर्य, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले ऐसे नागरिक देश के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं। भारतीय पायलट का यह साहस सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जाना चाहिए।
देवभूमि न्यूज 24 | मेरा गांव, मेरा देश
देश-दुनिया की खबरों के लिए पढ़ते रहें
Devbhuminews24.in
खबर/विज्ञापन: 9816216579








