शिलाई क्षेत्र के खत बनोग में अब एक दिन का ही होगा विवाह समारोह

Share this post

सामूहिक बैठक में सर्वसम्मति से लिया निर्णय, मामा स्वागत पर नहीं होगा कोई विशेष कार्यक्रम

  *कार्तिकेय तोमर* 

शिलाई : शिलाई क्षेत्र के खत बनोग में विवाह समारोहों को लेकर सामाजिक स्तर पर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। अब खत बनोग क्षेत्र में विवाह कार्यक्रम केवल एक दिन का ही आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में 4 अक्तूबर 2026 को आयोजित समीक्षा बैठक में कई प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

खत बनोग की यह बैठक खत के नंबरदार चंदन सिंह तथा ग्राम कांडो के नंबरदार रतन सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में खत बनोग के बुद्धिजीवी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक में पिछली साधारण बैठक में विवाह समारोहों से संबंधित लिए गए निर्णयों की समीक्षा की गई और आवश्यक संशोधन किए गए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि विवाह समारोह में मामा स्वागत के अवसर पर किसी प्रकार का विशेष कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। इसके स्थान पर विवाह के दूसरे दिन आने वाले मेहमानों तथा गांव के टोलुवा के लिए ग्रामीण स्तर पर गांव की आवश्यकता के अनुसार भोजन की व्यवस्था की जा सकती है।

इसके अलावा विवाह के निमंत्रण कार्ड पर भी केवल एक दिन के विवाह कार्यक्रम का ही उल्लेख किया जाएगा। बैठक में स्पष्ट किया गया कि पूर्व में निर्धारित अन्य सभी नियम यथावत लागू रहेंगे।

सामूहिक बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि निर्धारित सामाजिक नियमों का पालन करना सभी के लिए अनिवार्य होगा। नियमों का उल्लंघन करने पर सामाजिक स्तर पर कार्रवाई की जाएगी, जिसमें सामाजिक बहिष्कार का प्रावधान भी रखा गया है।

बैठक में उपरोक्त सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। ग्रामीणों ने कहा कि सामूहिक रूप से लिए गए ऐसे निर्णय सामाजिक एकता बनाए रखने के साथ-साथ विवाह समारोहों में अनावश्यक खर्च और दिखावे को कम करने में भी सहायक होंगे।

देवभूमि न्यूज 24 | मेरा गांव, मेरा देश
देश-दुनिया की खबरों के लिए पढ़ते रहें
Devbhuminews24.in
खबर/विज्ञापन: 9816216579