असूज नवरात्र मेले की तैयारियों को लेकर एसडीएम ने की बैठक

Share this post

11 से 20 अक्तूबर तक चलेगा माता श्री चिंतपूर्णी का नवरात्र मेला

राजीव शर्मन,ब्यूरो
श्री चिंतपूर्णी (ऊना) माता श्री चिंतपूर्णी में आयोजित होने वाले असूज नवरात्र मेले को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेला 11 से 20 अक्तूबर तक आयोजित किया जाएगा। सोमवार को माईदास सदन में मेले की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम अंब पारस अग्रवाल ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

एसडीएम ने बताया कि मेले के सफल संचालन के लिए एसडीएम अंब को मेला अधिकारी तथा डीएसपी अंब को पुलिस मेला अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। उनकी सहायता के लिए चार अन्य पुलिस अधिकारी भी तैनात रहेंगे। वहीं एसएमओ को चिकित्सा अधिकारी के रूप में तैनात किया जाएगा। सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे मेला क्षेत्र को चार सेक्टरों में बांटकर पुलिस और होमगार्ड के जवानों की तैनाती की जाएगी।

पेयजल और स्वच्छता पर विशेष जोर

पारस अग्रवाल ने कहा कि मेला क्षेत्र के चारों सेक्टरों में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए एक-एक सुपरवाइजर तैनात किया जाएगा। श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए जल शक्ति विभाग को मेले से पहले पेयजल टैंकों की सफाई करवाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चार स्थानों पर प्याऊ भी स्थापित किए जाएंगे।

उन्होंने विद्युत विभाग को मेले के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अग्निशमन विभाग को अग्निशमन वाहनों की स्थिति की जांच करने तथा यदि किसी वाहन में तकनीकी कमी हो तो मेले से पहले उसे दुरुस्त करवाने को कहा गया। उन्होंने खराब हाइड्रेंट को भी शीघ्र ठीक करवाकर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।

भिक्षावृत्ति पर रहेगी विशेष नजर

एसडीएम ने बताया कि मेले के दौरान स्पेशल टास्क फोर्स गठित कर भिक्षावृत्ति पर कड़ी नजर रखी जाएगी। बच्चों से भीख मंगवाने का मामला सामने आने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

तीन स्थानों पर मिलेगी दर्शन पर्ची

उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए माता के दर्शनों की दर्शन पर्ची माईदास सदन, शंभू बैरियर और एमआरसी में उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके अलावा मेले के दौरान लंगर लगाने के लिए प्रशासन से अनुमति लेना अनिवार्य होगा।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।

🙏 देवभूमि संदेश
ब्यूरो,राजीव शर्मन

आस्था के इस पावन पर्व पर मां चिंतपूर्णी के दरबार में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध करवाना प्रशासन और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। श्रद्धालु भी मेले के दौरान स्वच्छता, अनुशासन और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर धार्मिक आयोजन की गरिमा बनाए रखने में सहयोग करें।

जीवन-दर्शन, अध्यात्म, राजनीति, खेल, फिल्म, गांव से लेकर देश-दुनिया की खबर के लिए पढ़ते रहिए ‘devbhuminews 24.in’

अपने क्षेत्र की समस्याओं और विज्ञापन के लिए व्हाट्सऐप 9816216579 पर संपर्क करें।

🚩 हरिऊँ🚩
🙏🏻🙏🏻🙏🏻