बिलासपुर में एम्स के प्रथम दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल, मनाली और अटल टनल भी जाएंगी
देवभूमि न्यूज 24
शिमला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
मंगलवार, 6 अक्तूबर से हिमाचल प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर आ रही हैं। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात तथा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं।
राष्ट्रपति का हिमाचल दौरा बिलासपुर से शुरू होगा। यहां वह अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के प्रथम दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। राष्ट्रपति की मौजूदगी में आयोजित होने वाला यह समारोह बिलासपुर के लिए महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
दीक्षांत समारोह के बाद राष्ट्रपति मनाली के लिए रवाना होंगी, जहां उनके रात्रि ठहराव की व्यवस्था की गई है। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए मनाली और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को भी कड़ा किया गया है तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं।
राष्ट्रपति के कार्यक्रम के अनुसार 7 अक्तूबर को वह मनाली स्थित प्रसिद्ध हिडिंबा मंदिर में दर्शन करेंगी। इसके बाद उनके अटल टनल रोहतांग जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। अटल टनल और मनाली क्षेत्र में राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधों को अंतिम रूप दिया गया है।
तीन दिवसीय हिमाचल प्रवास के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 8 अक्तूबर की सुबह हिमाचल प्रदेश से दिल्ली के लिए रवाना होंगी।
जीवन-दर्शन, अध्यात्म, राजनीति, खेल, फिल्म, गांव से लेकर देश-दुनिया की खबर के लिए पढ़ते रहिए ‘devbhuminews 24.in अपने क्षेत्र की समस्याओं और विज्ञापन के लिए व्हाट्सऐप: 9816216579








