जिला योजना विकास एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम समीक्षा समिति की बैठक में विभागवार योजनाओं की समीक्षा
देवभूमि न्यूज 24
शिमला, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने अधिकारियों को जिला में विकास योजनाओं के लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। वह सोमवार को बचत भवन शिमला में आयोजित जिला योजना विकास एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम समीक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान जिला में चल रही ग्रामीण विकास योजनाओं, 20 सूत्रीय कार्यक्रमों तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में विभागवार निर्धारित लक्ष्यों, उपलब्धियों, बजट के उपयोग, लंबित कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मनरेगा में 21.58 लाख मानव-दिवस रोजगार
बैठक में बताया गया कि मनरेगा के तहत जिला में 21.58 लाख मानव-दिवस रोजगार सृजित किए गए हैं तथा 15,588 परिवारों को जॉब कार्ड जारी किए गए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 714 नए एवं पुनर्जीवित स्वयं सहायता समूह गठित किए गए। इनमें 399 समूहों को रिवॉल्विंग फंड और 285 समूहों को सामुदायिक निवेश निधि उपलब्ध करवाई गई।
ग्रामीण स्वच्छता कार्यक्रम के तहत 801 के लक्ष्य के मुकाबले 344 व्यक्तिगत घरेलू शौचालयों का निर्माण किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वर्ष 2024-25 में स्वीकृत 2,675 आवासों में से 2,643 लाभार्थियों को पहली किश्त जारी की जा चुकी है। वर्ष 2025-26 में अब तक 518 आवास स्वीकृत किए गए हैं।
शिमला के आसपास बनेगा ठोस कचरा प्रबंधन प्लांट
अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि शिमला के आसपास ठोस कचरा प्रबंधन प्लांट स्थापित करने के लिए भूमि की तलाश की जा रही है। उन्होंने पंचायतों से भी प्लांट स्थापित करने के लिए भूमि संबंधी एनओसी उपलब्ध करवाने का आग्रह किया, ताकि आवश्यक कार्रवाई जल्द शुरू की जा सके।
उन्होंने बताया कि डुम्मी पंचायत में करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक प्लास्टिक मैनेजमेंट सेंटर स्थापित किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि ठोस कचरा प्रबंधन के लिए स्थानीय स्तर पर प्रभावी व्यवस्था विकसित करना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कुछ विभागों की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को बेहतर समन्वय और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में समिति के सदस्य ई-मेल के माध्यम से विभागों से सवाल एवं आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
विभिन्न विभागों की उपलब्धियों की समीक्षा
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की समीक्षा में बताया गया कि वर्ष 2025-26 में एपीएल श्रेणी में गेहूं/आटा का 14,893 मीट्रिक टन और चावल का 7,052 मीट्रिक टन उठान हुआ। बीपीएल/पीएचएच श्रेणी में गेहूं/आटा 2,364 मीट्रिक टन तथा चावल 5,902 मीट्रिक टन रहा। अंत्योदय अन्न योजना के तहत गेहूं/आटा का 10,893 मीट्रिक टन आवंटन दर्ज किया गया।
जल जीवन मिशन के तहत रामपुर सर्कल में आंशिक रूप से कवर 85 बस्तियों के लक्ष्य के मुकाबले सभी 85 बस्तियों को कवर किया गया। स्वास्थ्य विभाग के तहत वर्ष 2025-26 में 11,479 संस्थागत प्रसव दर्ज किए गए।
कृषि विभाग की योजनाओं के तहत अनुसूचित जाति के 600 परिवारों को कृषि क्षेत्र और 40 परिवारों को मृदा संरक्षण के तहत सहायता प्रदान की गई। अनुसूचित जनजाति के 80 परिवार कृषि क्षेत्र की योजनाओं से लाभान्वित हुए।
बागवानी विभाग में वर्ष 2024-25 में अनुसूचित जाति परिवारों के लिए निर्धारित 25 के लक्ष्य के मुकाबले सभी 25 परिवार लाभान्वित हुए, जबकि गैर-आईआरडीपी श्रेणी में 155 परिवारों को लाभ मिला। वर्ष 2025-26 में अब तक 169 परिवार लाभान्वित हुए हैं। अनुसूचित जनजाति के 11 परिवार वर्ष 2024-25 और 4 परिवार वर्ष 2025-26 में लाभान्वित हुए।
पशुपालन विभाग में वर्ष 2024-25 में अनुसूचित जाति परिवारों के लिए निर्धारित 320 के लक्ष्य के मुकाबले सभी 320 परिवारों को लाभ मिला। वर्ष 2025-26 में 480 के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 360 परिवार लाभान्वित हो चुके हैं।
कल्याणकारी योजनाओं में कई क्षेत्रों में शत-प्रतिशत उपलब्धि
जिला कल्याण विभाग की कंप्यूटर एप्लीकेशन योजना के तहत अनुसूचित जाति परिवारों के लिए वर्ष 2024-25 में 266 के लक्ष्य के मुकाबले 266 लाभार्थियों को लाभ दिया गया। आवास सब्सिडी योजना में भी 156 के लक्ष्य के मुकाबले 156 परिवार लाभान्वित हुए। वर्ष 2025-26 में आवास सब्सिडी के तहत 25 के लक्ष्य के मुकाबले सभी 25 परिवार लाभान्वित हुए।
अनुसूचित जनजाति परिवारों के लिए कंप्यूटर एप्लीकेशन योजना में 23 के लक्ष्य के मुकाबले 23 तथा आवास सब्सिडी में 4 के लक्ष्य के मुकाबले 4 परिवारों को लाभ मिला।
अनुसूचित जाति/जनजाति विकास निगम की योजनाओं में वर्ष 2024-25 में अनुसूचित जाति परिवारों के लिए 171 के लक्ष्य के मुकाबले 86 परिवार लाभान्वित हुए, जबकि वर्ष 2025-26 में 93 के लक्ष्य के मुकाबले 98 परिवारों को लाभ मिला। अनुसूचित जनजाति परिवारों के लिए दोनों वर्षों में उपलब्धि शून्य रही।
वन एवं सड़क निर्माण कार्यों की भी समीक्षा
वन विभाग के शिमला फॉरेस्ट सर्कल में वर्ष 2024-25 में 261 हेक्टेयर के लक्ष्य के मुकाबले पूरे 261 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधारोपण किया गया। वर्ष 2025-26 में 280.031 हेक्टेयर के लक्ष्य के मुकाबले 278.031 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधारोपण हुआ।
रामपुर फॉरेस्ट सर्कल में वर्ष 2024-25 में 346.33 हेक्टेयर तथा वर्ष 2025-26 में 344.9 हेक्टेयर के लक्ष्य के मुकाबले 309.9 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधारोपण किया गया। जिला में पौधारोपण की संख्या वर्ष 2024-25 में 1,63,813 से बढ़कर वर्ष 2025-26 में 2,53,637 पौधे हो गई।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं लोक निर्माण विभाग के तहत शिमला चौथे सर्कल में वर्ष 2024-25 में 99.415 किलोमीटर सड़क निर्माण हुआ। वर्ष 2025-26 में 208.145 किलोमीटर के लक्ष्य के मुकाबले 98.885 किलोमीटर कार्य पूरा किया गया। रोहड़ू 14वें सर्कल में 299.2 किलोमीटर के लक्ष्य के मुकाबले 141.87 किलोमीटर सड़क कार्य पूरा हुआ। रामपुर बुशहर 11वें सर्कल में टारिंग के 7.53 किलोमीटर लक्ष्य के मुकाबले 3.53 किलोमीटर तथा अपग्रेडेशन टारिंग के 39.92 किलोमीटर लक्ष्य के मुकाबले 18.315 किलोमीटर कार्य पूरा हुआ।
जिला योजना के 2024-25 में 494 कार्य पूरे
जिला योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 में 27.75 करोड़ रुपये की लागत से 627 कार्य स्वीकृत किए गए। इनमें से 494 कार्य पूरे हो चुके हैं और इन पर 21.46 करोड़ रुपये खर्च किए गए। वहीं 6.28 करोड़ रुपये की लागत वाले 133 कार्य अभी पूर्णता के लिए लंबित हैं।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 5.32 करोड़ रुपये की लागत से 99 कार्य स्वीकृत हुए हैं। इनमें से 13.50 लाख रुपये की लागत वाले 5 कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि 5.18 करोड़ रुपये की लागत वाले 94 कार्य लंबित हैं। वर्ष 2024-25 में करीब 79 प्रतिशत कार्य पूरे हुए, जबकि वर्ष 2025-26 में अब तक करीब 5 प्रतिशत कार्य ही पूर्ण हुए हैं। वर्ष 2025-26 में विशेष रूप से एसडीपी के 93 कार्य पूर्णता के लिए लंबित हैं।
शहरी निकायों की योजनाओं की भी समीक्षा
नगर निगम शिमला में वर्ष 2024-25 में राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत 12 के लक्ष्य के मुकाबले 14 स्वयं सहायता समूह गठित किए गए। नगर परिषद ठियोग में 7 के लक्ष्य के मुकाबले 7 स्वयं सहायता समूह गठित हुए। पीएम-स्वनिधि योजना के तहत 1,050 के लक्ष्य के मुकाबले 657 लाभार्थियों को लाभ मिला।
नगर परिषद रोहड़ू ने वर्ष 2025-26 में 10 स्वयं सहायता समूह गठित करने का लक्ष्य पूरा किया। नगर पंचायत सुन्नी में ईडब्ल्यूएस/एलआईजी आवासों के लिए 14 के लक्ष्य के मुकाबले सभी 14 आवास स्वीकृत किए गए। पांच आवास निर्माण के लक्ष्य के मुकाबले सभी पांच आवासों का निर्माण पूरा हुआ। गरीब परिवारों की सहायता के मामले में भी 14 के लक्ष्य के मुकाबले 14 परिवार लाभान्वित हुए।
लंबित कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि समिति का उद्देश्य जिला में विकास कार्यों को समयबद्ध एवं प्रभावी तरीके से पूरा करना, योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की नियमित निगरानी करने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कानून एवं व्यवस्था पंकज शर्मा, अतिरिक्त आयुक्त नगर निगम शिमला भुवन शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी यशपाल रांटा, जिला योजना अधिकारी निवेदिता, जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियंत्रक नरेंद्र धीमान, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास ममता पॉल, जीएम डीआईसी संजय कंवर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग चौपाल शक्ति नेगी, जिला राजस्व अधिकारी शिवानी भारद्वाज, जिला विकास अधिकारी विवेक पॉल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
देवभूमि न्यूज 24
जीवन-दर्शन, अध्यात्म, राजनीति, खेल, फिल्म, गांव से लेकर देश-दुनिया की खबर के लिए पढ़ते रहिए devbhuminews 24.in
पत्रकार बनने, अपने क्षेत्र की समस्याओं और विज्ञापन के लिए व्हाट्सऐप 9816216579 पर संपर्क करें।








