पितृ मुक्ति के लिए – ब्रह्मकपाल तीर्थ का महत्त्व

Share this post

देवभूमि न्यूज 24 डेस्क

पिंड दान के लिए भारतवर्ष ही नहीं दुनिया भर से हिंदू प्रसिद्ध गया पहुँचते हैं, लेकिन एक तीर्थ ऐसा भी है जहाँ किया गया पिंडदान गया से भी आठ गुना अधिक फलदायी माना जाता है।

चार धामों में प्रमुख उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम के पास स्थित है ब्रह्मकपाल तीर्थ। मान्यता है कि यहाँ पिंडदान करने से पितरों की आत्मा को नरकलोक से मुक्ति मिल जाती है। स्कंद पुराण में ब्रह्मकपाल को गया से आठ गुना अधिक फलदायी पितरकारक तीर्थ कहा गया है।

पौराणिक कथा
सृष्टि की उत्पत्ति के समय ब्रह्मा जी अपनी ही उत्पन्न कन्या के रूप पर मोहित हो गए थे। तब भोलेनाथ ने क्रोध में आकर ब्रह्मा के एक सिर को त्रिशूल से काट दिया। इससे शिव पर ब्रह्महत्या का पाप लग गया और कटा हुआ सिर उनके हाथ पर चिपक गया।

ब्रह्महत्या से मुक्ति के लिए शिवजी पूरी पृथ्वी का भ्रमण करते हुए बद्रीनाथ पहुँचे। यहाँ ब्रह्मकपाल शिला पर उनके हाथ से ब्रह्मा जी का सिर जमीन पर गिर गया और शिवजी को पाप से मुक्ति मिली। तभी से यह स्थान ब्रह्मकपाल के रूप में प्रसिद्ध हुआ। शिला के नीचे ही ब्रह्मकुण्ड है जहाँ ब्रह्मा जी ने तपस्या की थी।

शिवजी ने वरदान दिया कि यहाँ जो भी श्राद्ध करेगा उसे प्रेत योनि में नहीं जाना पड़ेगा और उसकी कई पीढ़ियों के पितरों को मुक्ति मिल जाएगी।

अलकनंदा नदी ब्रह्मकपाल को पवित्र करती हुई प्रवाहित होती है। मान्यता है कि यहाँ श्राद्ध करने से अकाल मृत्यु प्राप्त व्यक्ति की भटकती आत्मा को तत्काल शांति और प्रेत योनि से मुक्ति मिलती है और भगवान विष्णु के परमधाम में स्थान प्राप्त होता है।

भगवान श्रीकृष्ण ने महाभारत युद्ध के बाद पांडवों को ब्रह्मकपाल में जाकर पितरों का श्राद्ध करने का निर्देश दिया था। कृष्ण की आज्ञा मानकर पांडव बद्रीनाथ आए और ब्रह्मकपाल में पितरों एवं युद्ध में मारे गए सभी लोगों के लिए श्राद्ध किया

धार्मिक, आध्यात्मिक लेख जीवन सुधारने के लिए पढ़ते रहें – devbhumi news 24.in

देवभूमि न्यूज 24 | मेरा गांव मेरा देश
लेखसमाचार,विज्ञापन:9816216579
https://devbhuminews24.in/