शिलाई की बेटी ने देश को गौरवान्वित किया, लेकिन सम्मान और पुरस्कार की घोषणा में उन्हें दरकिनार करना दुर्भाग्यपूर्ण : तोमर
कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24 / नाहन
भाजपा प्रवक्ता एवं शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव तोमर ने 20वें एशियाई खेलों में भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्ण पदक विजेता हिमाचली खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ रुपये देने की मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की घोषणा का स्वागत करते हुए सरकार से सवाल किया है कि शिलाई की बेटी और भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान रही ऋतु नेगी के साथ सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा है।
बलदेव तोमर ने कहा कि ऋतु नेगी ने भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और हिमाचल का नाम रोशन किया है। वह शिलाई की बेटी हैं और हिमाचल की उन बेटियों में शामिल हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा से देश को गौरवान्वित किया। ऐसे में जब सरकार कबड्डी में हिमाचली खिलाड़ियों के लिए एक-एक करोड़ की सम्मान राशि दे रही है, तो ऋतु नेगी को बाहर रखना सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि किसी खिलाड़ी की शादी हरियाणा में हो जाने से उसकी हिमाचली पहचान और प्रदेश के प्रति योगदान समाप्त नहीं हो जाता। जब बात देश के लिए पदक जीतने की आती है, तब ऋतु नेगी शिलाई और हिमाचल की ही बेटी हैं। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि उन्हें पुरस्कार में क्यों दरकिनार किया गया।
तोमर ने कहा कि खिलाड़ियों के सम्मान में राजनीतिक भेदभाव नहीं होना चाहिए। सरकार बताए कि ऋतु नेगी की उपलब्धियों को किस आधार पर अलग रखा गया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि ऋतु नेगी के मामले में स्थिति स्पष्ट करें और उन्हें भी उचित सम्मान एवं पुरस्कार राशि प्रदान की जाए। हिमाचल की बेटियों ने अपनी प्रतिभा से देश का मान बढ़ाया है और सरकार का दायित्व है कि उनके सम्मान में कोई भेदभाव न हो।
देवभूमि न्यूज 24 | मेरा गांव मेरा देश
खबर/विज्ञापन9816216579*
https://devbhuminews24.in/








