टिटियाणा में सात दिवसीय NSS शिविर का शुभारंभ, मेधावी विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण पर ले जाएगा प्रयास फाउंडेशन

Share this post

मुख्य अतिथि अधिवक्ता दिनेश सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन और समाज सेवा के प्रति किया प्रेरित

कार्तिकेय तोमर
रीडर्स मैसेंजर नेटवर्क

शिलाई: सिरमौर जिला की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टिटियाणा में 8 से 14 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि अधिवक्ता दिनेश सिंह चौहान और विशिष्ट अतिथि श्रीमती पार्वती देवी ने किया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन, समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित किया।

इस अवसर पर प्रयास फाउंडेशन की ओर से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की गई। इसके तहत टिटियाणा पंचायत के प्रत्येक विद्यालय में कक्षा आठवीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी, कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में पंचायत स्तर पर प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टिटियाणा के NSS शिविर की विभिन्न गतिविधियों में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण पर ले जाया जाएगा।

प्रयास फाउंडेशन की इस पहल का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित करना, उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना तथा उन्हें नए अनुभवों और ज्ञान से जोड़ना है। फाउंडेशन का मानना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें उचित अवसर और प्रोत्साहन प्रदान करने की है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य चेमल सिंह, NSS पुरुष इकाई के प्रभारी गोविंद राम शर्मा तथा NSS महिला इकाई की प्रभारी कौशल्या देवी ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया।

समारोह में SMC प्रधान एवं टिटियाणा पंचायत की पूर्व प्रधान श्रीमती पार्वती शर्मा, पंचायत प्रधान श्रीमती पूनम शर्मा, उपप्रधान दत्ताराम शर्मा सहित देवेंद्र ठाकुर, मनोज पुंडीर, अभी ठाकुर और महेंद्र ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

प्रयास फाउंडेशन की यह पहल ग्रामीण विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने और शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक सार्थक कदम है। इससे विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ-साथ शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से नए अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।