‘वोट चोरी’ का शोर मचाने वाली कांग्रेस सबूत सामने रखे: राकेश डोगरा

Share this post

देवभूमि न्यूज 24

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश डोगरा ने SIR को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस बताए कि आखिर किसका वोट चोरी हुआ है? संबंधित मतदाता का नाम, बूथ और प्रमाण सार्वजनिक करे। केवल राजनीतिक नारेबाजी से लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से हटाया गया है, तो उसे नियमानुसार दोबारा जोड़ा जाना चाहिए। लेकिन मृत व्यक्तियों के नाम, डुप्लीकेट प्रविष्टियों और अन्य अपात्र नामों की जांच कर मतदाता सूची को शुद्ध करना ‘वोट चोरी’ कैसे हो गया?

डोगरा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार का गठन भी इसी निर्वाचन व्यवस्था के तहत हुए चुनावों के परिणामस्वरूप हुआ है। ऐसे में कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि जिस निर्वाचन व्यवस्था से मिला जनादेश उसने स्वीकार किया, उसी व्यवस्था पर सवाल उठाने के पीछे उसका आधार क्या है?

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि यदि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है, तो इसमें आपत्ति क्यों होनी चाहिए? पात्र मतदाता का एक भी वोट नहीं कटना चाहिए, लेकिन अपात्र नामों को मतदाता सूची में बनाए रखने की जिद भी उचित नहीं है। निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की मजबूती के लिए अनिवार्य है।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग से सवाल पूछना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन आरोपों के साथ प्रमाण भी जरूरी हैं। कांग्रेस ‘वोट चोरी’ का राजनीतिक शोर मचाने के बजाय तथ्य सामने रखे। लोकतंत्र नारों से नहीं, निष्पक्ष चुनाव, पारदर्शिता और प्रत्येक पात्र मतदाता के अधिकारों की रक्षा से मजबूत होता है।

Devbhuminews 24.in
देश, दुनिया की खबरों के लिए पढ़ते रहिए