वरिष्ठ पत्रकार जीवन शर्मा को सौंपी संयोजक की जिम्मेदारी, संगठन को मजबूत करने पर रहेगा जोर
राजीव शर्मन,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24
ऊना : हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट जिला ऊना ने संगठन को ब्लॉक स्तर पर मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नई नियुक्तियां की हैं। प्रदेश अध्यक्ष जोगिंदर देव आर्य की मौजूदगी में वरिष्ठ पत्रकार रणजीत राणा को ऊना ब्लॉक का अध्यक्ष नियुक्त किया गया, जबकि वरिष्ठ पत्रकार जीवन शर्मा को संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई।
दोनों वरिष्ठ पत्रकारों की नियुक्ति पर संगठन के पदाधिकारियों एवं पत्रकारों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। संगठन ने उम्मीद जताई कि नवनियुक्त पदाधिकारी पत्रकारों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के साथ-साथ संगठनात्मक गतिविधियों को गति देंगे और ऊना ब्लॉक में यूनियन को और अधिक मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष जोगिंदर देव आर्य ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। समाज की समस्याओं को उजागर करने और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट पत्रकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उचित मंच तक पहुंचाने और उनके अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष रणजीत राणा और संयोजक जीवन शर्मा को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि दोनों पदाधिकारी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते हुए संगठन को नई मजबूती प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की एकजुटता और आपसी सहयोग से ही उनके हितों की प्रभावी पैरवी की जा सकती है।
देवभूमि न्यूज 24
जीवन-दर्शन, अध्यात्म, राजनीति, खेल, फिल्म और गांव से लेकर देश-दुनिया की खबरों के लिए पढ़ते रहिए
‘देवभूमि न्यूज 24’। पत्रकार बनने, अपने क्षेत्र की समस्याओं को उठाने और विज्ञापन के लिए व्हाट्सऐप 9816216579 पर संपर्क करें।








