राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बांदली ढाडस में सात दिवसीय एनएसएस शिविर का शुभारंभ

Share this post

समाज सेवा और अनुशासन का संदेश लेकर आगे बढ़ें स्वयंसेवक : वीरेंद्र नेगी

देवभूमि न्यूज24
कार्तिकेय तोमर

शिलाई। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बांदली ढाडस में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में फ्रेंड्स क्लब शिलाई के अध्यक्ष श्री वीरेंद्र नेगी ने मुख्य अतिथि, जबकि पूर्व बीआरसी एवं जेबीटी शिक्षक श्री रघुवीर ठाकुर ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं दीप मंत्र के गायन के साथ किया गया। इसके बाद एनएसएस स्वयंसेवकों ने स्वागत गीत, सद्भावना गीत, पहाड़ी गीत और पहाड़ी नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया।

इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी श्री धर्म सिंह वर्मा ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए सात दिवसीय विशेष शिविर की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने स्वयंसेवकों को शिविर के दौरान होने वाली गतिविधियों और समाज सेवा के महत्व से अवगत करवाया।

मुख्य अतिथि वीरेंद्र नेगी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उनकी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने स्वयंसेवकों से समाज सेवा के पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक सोच अपनाते हुए अपने निर्धारित लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती रेखा ठाकुर ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों से सात दिवसीय विशेष शिविर के दौरान अनुशासन बनाए रखने तथा शिविर को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग देने की अपील की। साथ ही उन्होंने सभी स्वयंसेवकों को शिविर के सफल आयोजन एवं समापन के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर विद्यालय के उपप्रधानाचार्य श्री रमेश नेगी, अन्य प्रवक्ता, शिक्षकगण एवं विद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।